रीवा घटना के विरोध में कल निकलेगी विशाल जैन मौन रैली
जैन साध्वी आर्यिकाओं की मौत से समाज में रोष, साधु-संतों की सुरक्षा को लेकर सौंपा जाएगा ज्ञापन

सूरत। मध्यप्रदेश के रीवा में दिगंबर जैन साध्वी प. पूज्य आर्यिका श्री शुतमति माताजी एवं प. पूज्य आर्यिका उपशम माताजी के साथ हुई हृदयविदारक घटना के विरोध में समग्र जैन समाज, सूरत द्वारा शुक्रवार 29 मई को विशाल मौन रैली का आयोजन किया जाएगा। जैन समाज ने इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक समाजजनों से रैली में शामिल होने की अपील की है।
आयोजकों के अनुसार रैली शुक्रवार सुबह 8:30 बजे पार्ले पॉइंट स्थित सरगम शॉपिंग सेंटर से प्रारंभ होकर कलेक्टर कार्यालय तक जाएगी। रैली के माध्यम से जैन साधु-संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
समग्र जैन समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि रीवा में घटी यह घटना पूरे जैन समाज को झकझोर देने वाली है। जैन साधु-संतों के साथ इस प्रकार की घटनाएं असहनीय हैं और समाज में इसे लेकर भारी रोष व्याप्त है। रैली में दिगंबर, श्वेतांबर, स्थानकवासी एवं तेरापंथी समाज के लोग एकजुट होकर शामिल होंगे।
आयोजकों ने समाज के प्रत्येक परिवार से रैली में उपस्थित रहकर जैन एकता का परिचय देने की अपील की है। रैली के लिए पुरुषों को सफेद वस्त्र, महिलाओं को केसरिया वस्त्र धारण करने तथा विरोध स्वरूप काली पट्टी लगाने का अनुरोध किया गया है।
समाज के अग्रणियों ने कहा कि यह मौन रैली केवल विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि जैन साधु-संतों के सम्मान और सुरक्षा के लिए सामूहिक आवाज है।




