
सूरत। सूरत के रिंग रोड स्थित तुलसी मार्केट में संचालित श्री रानीसती पेपर फर्म के साथ लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने महाराष्ट्र के पालघर निवासी व्यापारी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार, अमित कुमार सत्यप्रकाश अग्रवाल निवासी मकान नंबर-57, कबीर निकुंज सोसायटी, आशिर्वाद पैलेस के पास, भटार रोड, सूरत, पिछले तीन वर्षों से तुलसी मार्केट, दुकान नंबर 109-110 स्थित श्री रानीसती पेपर में मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं। फर्म के मालिक सुनीलभाई अग्रवाल ने उन्हें पावर ऑफ अटॉर्नी भी प्रदान की हुई है।
वर्ष 2023 में महेंद्र सुजाराम पटेल, निवासी गाला नंबर-6, भूमि इंडस्ट्रियल एस्टेट, वीवोर, पालघर (महाराष्ट्र) तथा गणेश प्लास्टो पैक के संचालक के रूप में सूरत आए थे। उन्होंने स्वयं को प्रतिष्ठित व्यापारी बताते हुए प्लास्टिक शीट खरीदने की बात कही और बाजार की परंपरा के अनुसार 30 दिनों में भुगतान करने का भरोसा दिलाया।
विश्वास के आधार पर फर्म ने 17 दिसंबर 2023 से 23 फरवरी 2024 के बीच अलग-अलग बिलों के माध्यम से ट्रांसपोर्ट द्वारा कुल 35,03,813 रुपये मूल्य की प्लास्टिक शीट की सप्लाई की। शिकायत के अनुसार आरोपी ने पूरा माल प्राप्त कर लिया, लेकिन शुरुआत में केवल 2,86,886 रुपये का आंशिक भुगतान किया। इसके बाद 32,16,927 रुपये की शेष राशि का भुगतान नहीं किया।
बकाया भुगतान की लगातार मांग करने पर आरोपी विभिन्न बहाने बनाकर समय टालता रहा। वर्ष 2025 में बकाया राशि की वसूली के लिए सूरत से पालघर जाकर मुलाकात करने पर भी आरोपी ने जल्द भुगतान करने का आश्वासन दिया, लेकिन आज तक रकम नहीं चुकाई। बाद में उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया।
सलाबतपुरा पुलिस ने अमितकुमार की शिकायत के आधार पर पालघर के व्यापारी महेंद्र सुजाराम पटेल के खिलाफ कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर वी. ई. राठौड़ कर रहे हैं।



