पोकरण प्रवासियों द्वारा सूरत में भव्य 15वा शहस्त्रघट रुद्राभिषेक एवं स्नेह मिलन समारोह संपन्न

ससूरत। श्रावण मास के पावन अवसर पर भगवान शिव के प्रति भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। पोकरण क्षेत्र के सूरत प्रवासियों द्वारा रविवार को दादा भगवान वाड़ी, कामरेज में भव्य शहस्त्रघट रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया।
श्रावण मास में भगवान शिव के रुद्राभिषेक, पूजा और अर्चना का विशेष महत्व होता है। इसी कड़ी में पोकरण के 500 से अधिक शिवभक्तों ने एकत्रित होकर मंत्रोच्चारण के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक, पूजन और रुद्राभिषेक किया। पूरा परिसर “बोल बम” और “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि आपसी स्नेह मिलन का भी भव्य आयोजन हुआ। पोकरण प्रवासियों के परिवारों का वार्षिक मिलन उत्सव बड़े प्रेम और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। पुरुष, महिलाएं एवं बच्चों ने एक दूसरे से आत्मीय संवाद किया और समाज की एकता व भाईचारे का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
सामूहिक गोट के आयोजन में सभी परिवारों ने साथ बैठकर भोजन प्रसादी ग्रहण की। बच्चों के लिए विशेष मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए गए जिसमें विभिन्न खेलकूद, प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुई।
प्रवासी समाजसेवी सुनील राठी ने बताया कि भगवान शिव के महाअभिषेक के साथ पोकरण प्रवासियों के बीच आपसी प्रेम और एकता को भी सशक्त किया गया। सभी परिवारों ने धार्मिक आनंद के साथ सामाजिक मेलजोल का भरपूर लाभ लिया। आयोजन को सफल बनाने में समस्त प्रवासी भाइयों ने तन-मन-धन से सहयोग दिया।
कार्यक्रम का समापन भक्तिमय वातावरण और आपसी प्रेम की मिठास के साथ हुआ।




