businessTextileक्राइमसूरत सिटी

अवध टेक्सटाइल मार्केट के व्यापारी ने चीन से माल मंगाने का झांसा, देकर इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट व्यापारी से की 12.07 लाख की ठगी

सूरत। शहर के सहारा दरवाजा स्थित अवध टेक्सटाइल मार्केट में कार्यालय संचालित करने वाले एक व्यापारी द्वारा चीन से माल आयात कराने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। उतरण पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सिमाडा गांव स्थित कुबेरनगर सोसायटी निवासी तरुणभाई चिमनभाई सतासिया (उम्र 25 वर्ष) इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट व्यवसाय करते हैं और ‘मेजेस्टिक एक्सपोर्ट इंडिया प्रा. लि.’ नाम से अंकलेश्वर जीआईडीसी तथा मोटा वराछा स्थित ए.आर. मॉल में कार्यालय संचालित करते हैं। 30 जुलाई 2025 को उन्होंने इंस्टाग्राम पर “SKF IMPLEX” नामक पेज पर चीन से सामान इम्पोर्ट कराने संबंधी विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद स्प्रे-मॉप (उभा पोता) आयात करने को लेकर बातचीत शुरू हुई।

शिकायत के अनुसार शिकायतकर्ता ने अपने अधिकृत प्रतिनिधि प्रिंस ढाकेचा एवं उनके भाई तरंग ढाकेचा के साथ सहारा दरवाजा स्थित अवध टेक्सटाइल मार्केट की दुकान नं. 7110/11 पर जाकर मुलाकात की, जहां आरोपी कुणालभाई जे. भोजक ने स्वयं को SKF IMPLEX कंपनी का प्रोपराइटर बताते हुए चीन से माल मंगाने का भरोसा दिलाया।

पहली डील के तहत 2,010 स्प्रे-मॉप प्रति नग 147 रुपये के भाव से कुल 2,95,470 रुपये का ऑर्डर तय हुआ। आरोपी ने 35 दिनों में माल डिलीवरी या राशि वापसी की गारंटी दी। इसके आधार पर शिकायतकर्ता ने 30 जुलाई 2025 को 1 लाख रुपये, 31 जुलाई 2025 को 1.40 लाख रुपये तथा 4 अगस्त 2025 को 55,282 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर भुगतान किया।

बाद में टैरिफ टैक्स बढ़ने की जानकारी देकर अधिक माल मंगाने का सुझाव दिया गया, जिसके चलते 25 अगस्त 2025 को अतिरिक्त 6,000 स्प्रे-मॉप प्रति नग 152 रुपये के भाव से दूसरा ऑर्डर दिया गया। इस ऑर्डर के लिए अलग-अलग किस्तों में कुल 9,12,000 रुपये आरोपी के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। इस प्रकार दोनों डील मिलाकर कुल 8,010 नग स्प्रे-मॉप के लिए व्यापारी ने आरोपी को कुल 12,07,282 रुपये का भुगतान किया।

आरोपी ने 1 अक्टूबर 2025 तक पूरा माल पहुंचाने का आश्वासन दिया था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी माल नहीं भेजा गया। फोन पर बार-बार संपर्क करने पर आरोपी बहाने बनाता रहा और बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। शिकायतकर्ता द्वारा अवध टेक्सटाइल मार्केट स्थित कार्यालय पर पहुंचकर रकम वापस मांगने पर आरोपी ने पैसे देने से साफ इनकार करते हुए धमकी भी दी।

घटना के बाद शिकायतकर्ता ने उतरण पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस सब-इंस्पेक्टर एन.बी. बलदाणिया द्वारा की जा रही है तथा बैंक ट्रांजेक्शन व दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button