सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

पर्वत पाटिया तेरापंथ सभा में साध्वी मधुबाला जी आदि ठाणा-5 का भव्य चातुर्मासिक मंगल प्रवेश

अनुशासन रैली, जयघोष और स्वागत समारोह के बीच श्रद्धालुओं ने किया भावपूर्ण अभिनंदन, धर्म साधना के लिए प्रेरित किया

सूरत। तेरापंथ सभा, पर्वत पाटिया में रविवार को युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी की विदुषी सुशिष्या शासन श्री साध्वी श्री मधुबाला जी आदि ठाणा-5 का चातुर्मासिक मंगल प्रवेश भव्य अनुशासन रैली के साथ सम्पन्न हुआ। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने जयघोष के साथ साध्वी वृंद का भावभीना स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ शासन श्री साध्वी श्री मधुबाला जी द्वारा नमस्कार महामंत्र के संगान से हुआ। इसके पश्चात स्थानीय सभा अध्यक्ष संजय बोहरा, महासभा सदस्य प्रदीप गंग, महिला मंडल अध्यक्षा सुमन बैद तथा तेरापंथ युवक परिषद अध्यक्ष अशोक कोचर ने साध्वी वृंद का स्वागत किया। महिला मंडल, कन्या मंडल एवं ज्ञानशाला परिवार ने स्वागत गीत प्रस्तुत किए, जबकि ज्ञानशाला के नन्हे विद्यार्थियों ने परिसंवाद के माध्यम से साध्वी वृंद के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।                                                               

अपने प्रवचन में साध्वी श्री मधुबाला जी ने कहा कि पर्वत पाटिया श्रावक समाज में दिखाई देने वाली श्रद्धा, उत्साह और धर्म के प्रति समर्पण, परम पूज्य आचार्य श्री महाश्रमण जी के आशीर्वाद तथा तेरापंथ धर्मसंघ की गौरवशाली परंपरा का परिणाम है। साध्वी श्री विज्ञान श्री जी ने कहा कि सभा और युवक परिषद में संघ सेवा के प्रति समर्पण एवं कार्यभावना ही तेरापंथ धर्मसंघ की वास्तविक शक्ति और गौरव है।

साध्वी श्री सौभाग्य श्री जी, साध्वी श्री मंजुल यशा जी तथा साध्वी श्री मेधावी प्रभा जी ने संयुक्त परिसंवाद के माध्यम से श्रद्धालुओं को चातुर्मास के दौरान ज्ञान, दर्शन, चरित्र एवं तप की साधना कर अधिकाधिक आध्यात्मिक लाभ लेने की प्रेरणा दी। साथ ही पर्वत पाटिया समाज से अधिकाधिक मुमुक्षु तैयार होने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बाड़मेर से समागत मुमुक्षु रुचिका मालू ने भी अपने भाव व्यक्त किए, जिनका तेरापंथ सभा, पर्वत पाटिया की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समारोह में सूरत शहर की विभिन्न तेरापंथ सभाओं एवं संस्थाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन सभा मंत्री अनिल चौधरी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष प्रदीप पुगलिया ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button