
सूरत। शहर के कोट क्षेत्र स्थित लालगेट के रानी तालाव रोड पर मंगलवार को एक कपड़ा शोरूम में भीषण आग लगने से पांच मंजिला इमारत में अफरातफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले परिवार धुएं के बीच फंस गए और मदद के लिए खिड़कियों से गुहार लगाने लगे। फायर ब्रिगेड की तत्परता से बच्चों समेत 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, रानी तालाव रोड स्थित ‘हनीफा मंजिल’ नामक जी+5 इमारत के ग्राउंड और प्रथम तल पर संचालित ‘खानसाहेब डिजाइनर’ कपड़ा शोरूम में अचानक आग भड़क उठी। शोरूम में बड़ी मात्रा में कपड़ों का स्टॉक होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग से उठे घने धुएं ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे तीसरी, चौथी और पांचवीं मंजिल पर रहने वाले लोग अंदर ही फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही शहर के पांच फायर स्टेशनों से आठ से अधिक दमकल वाहन मौके पर पहुंच गए। फायर कर्मियों ने ब्रीदिंग एपरेटस सेट की सहायता से धुएं से भरी इमारत में प्रवेश कर बचाव अभियान शुरू किया। फंसे हुए सभी 11 लोगों को पहले सुरक्षित रूप से छत पर पहुंचाया गया। इसके बाद कतरगाम फायर स्टेशन की टर्न-टेबल लैडर की मदद से उन्हें नीचे उतारा गया।
आग में शोरूम पूरी तरह जलकर खाक हो गया। वहीं इमारत के बाहर खड़ी एक किआ कार भी आग की चपेट में आ गई, जिससे उसके पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

फायर विभाग ने आग पर काबू पाने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।



