महेश नवमी पर मंगलवार को निकलेगी भव्य शोभायात्रा, शिव अभिषेक व रक्तदान शिविर भी होगा
सूरत। श्री महेश मित्र मंडल द्वारा महेश नवमी महोत्सव मंगलवार को श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव के अंतर्गत सुबह 7 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम के संयोजक संतोष भट्टड़ एवं नरेंद्र राठी ने बताया कि शोभायात्रा वेसु स्थित ऋषि विहार से प्रारंभ होकर नंदनवन, ईको गार्डन और मोडेस्टा वीआईपी रोड मार्ग से होते हुए श्याम बाबा मंदिर पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि शोभायात्रा में विभिन्न आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। पुरुष एवं महिलाएं संगीत की धुन पर नाचते-झूमते हुए यात्रा में शामिल होंगे। मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था रहेगी तथा शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा भी की जाएगी।
महोत्सव के तहत सुबह 8 बजे सामूहिक शिव अभिषेक का आयोजन होगा। इसके साथ ही सुबह और शाम रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें समाजजन सेवा भाव से भाग लेंगे। शाम के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे महोत्सव का उत्साह और बढ़ेगा।
आयोजन की व्यवस्थाओं में श्री जैसल माहेश्वरी मैत्री मंडल एवं जैसलमेर युवा के कार्यकर्ता सक्रिय सहयोग देंगे। मंडल ने समाजबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर महेश नवमी महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।




