
सूरत। शहर के वराछा स्थित निरांत फैशन के एक एम्ब्रॉयडरी कारखानेदार के साथ 15.58 लाख रुपये की ठगी के मामले में वराछा पुलिस ने आठ महीने से फरार चल रहे आरोपी तेजस उर्फ तेजो ननुभाई सोजीत्रा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर जॉबवर्क के लिए ली गई 2,227 सीरोस्की साड़ियों का गबन कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, पूणागाम डी-मार्ट के सामने रॉयल होम्स निवासी परेशभाई मनसुखभाई देसाई वराछा के घनश्यामनगर चोपाटी के पास वासुदेव पार्क में ‘निरांत फैशन’ नाम से साड़ियों पर एम्ब्रॉयडरी जॉबवर्क का कारोबार करते हैं। उनके संपर्क में बारडोली निवासी ननुभाई साधवभाई सोजीत्रा तथा उनके पुत्र सागर और तेजस सोजीत्रा आए थे, जो साड़ियों पर जॉबवर्क का कार्य करते थे।
विश्वास के आधार पर परेशभाई ने जॉबवर्क के लिए करीब 15,58,900 रुपये मूल्य की 2,227 सीरोस्की साड़ियां आरोपियों को सौंपी थीं। लेकिन तय समय पर जॉबवर्क पूरा कर साड़ियां लौटाने के बजाय आरोपियों ने पूरे माल का गबन कर लिया और फरार हो गए।
इस संबंध में परेशभाई देसाई ने 15 दिसंबर 2025 को वराछा पुलिस थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 315(5) एवं 54 के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था।
मामले की जांच कर रहे पीएसआई वी. डी. माली की टीम ने लगातार फरार चल रहे आरोपी तेजस उर्फ तेजो ननुभाई सोजीत्रा (26), निवासी रामेश्वर सोसायटी, शिवाजी चौक, बारडोली (मूल निवासी पीछड़ी गांव, तहसील जाफराबाद, जिला अमरेली) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले में अन्य आरोपियों और ठगी गई साड़ियों के संबंध में आगे की जांच कर रही है।



