वराछा में कांग्रेस का विशाल धरना प्रदर्शन : वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे गूँजे

सूरत। लोकतंत्र की परंपरा को जीवित रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा वरााछा स्थित मंगढ़ चौक सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के निकट विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारी बारिश के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगातार नारे लगाकर सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ कड़ा आक्रोश व्यक्त किया।
धरना प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष विपुल उधनावाला ने किया। बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “सरदार लड़े थे गोरों से, हम लड़ेंगे चोरों से”, “वोट चोर गद्दी छोड़”, “मत चोरों कुर्सी खाली करो”, “जय सरदार” जैसे गगनभेदी नारे लगाए।

कांग्रेस ने कर्नाटक की एक लोकसभा सीट और महाराष्ट्र की एक विधानसभा सीट पर चुनाव आयोग द्वारा कथित गड़बड़ी को उजागर कर जनता के सामने लोकतंत्र की रक्षा का मुद्दा उठाया। इसी संदर्भ में सूरत कांग्रेस ने वरााछा में धरना प्रदर्शन कर लोकतांत्रिक मूल्यों को सुरक्षित रखने का संदेश दिया।
वर्षा में भीगते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनजागृति हेतु जोश और जुनून से नारेबाजी की। उपस्थित नेताओं ने कहा कि मतदाताओं की भावनाओं से खिलवाड़ करने वाले “मत चोरों” को सत्ता से बेदखल करना लोकतंत्र की सच्ची रक्षा है। धरना स्थल पर पूरे वातावरण में “लोकशाही बचाओ” और “जय सरदार” के नारों से माहौल गूँज उठा।




