नारी सशक्तिकरण की मिसाल बनी एबीएन शक्ति की प्रदर्शनी, 50 महिला उद्यमियों को मिला मंच

सूरत। देवसर माताजी मंदिर परिसर में एबीएन शक्ति द्वारा महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रदर्शनी (एग्जीबिशन) का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक चली इस प्रदर्शनी में करीब 50 महिलाओं ने विभिन्न उत्पादों की आकर्षक स्टॉल लगाकर अपने हुनर और व्यवसाय का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में लगभग एक हजार महिलाओं ने पहुंचकर खरीदारी की और महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रदर्शनी में ज्वेलरी, साड़ियां, सूट, लड्डू गोपाल की पोशाकें, राखियां, बेकरी उत्पाद, गिफ्ट आइटम, पैकिंग सामग्री सहित अनेक घरेलू एवं हस्तनिर्मित उत्पादों की स्टॉल लगाई गई थीं। घर से अपना व्यवसाय संचालित करने वाली महिलाओं को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए यह मंच बेहद उपयोगी साबित हुआ।
कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्ष रेखा जालान, सचिव दिशा लोहिया, कोषाध्यक्ष साधना अग्रवाल, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर प्रेरणा भाऊवाला, एबीएन शक्ति के मेंटर संजय जगनानी, अग्रवाल समाज ट्रस्ट घोड़दौड़ के अध्यक्ष प्रकाश तोदी, ट्रस्ट के पदाधिकारियों, सूरत की विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा एबीएन शक्ति के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
आयोजकों ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उन्हें अपने व्यवसाय के विस्तार का अवसर उपलब्ध कराना था। बड़ी संख्या में मिले उत्साहजनक सहयोग ने इस आयोजन को सफल बनाया और यह कार्यक्रम नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।



