देवसर माता मंदिर में श्री हनुमत राम कथा और सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ से भक्तिमय हुआ माहौल

सूरत। शहर में पहली बार श्री नरसिंह बाधँ बालाजीधाम द्वारा संचालित तथा गुजरात प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन एवं विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अखंड सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ के साथ-साथ देवसर माता मंदिर परिसर में भव्य श्री हनुमत राम कथा का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 29 मई 2026 से प्रारंभ होकर श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का केंद्र बना हुआ है।
कथा का वाचन काशी से पधारे परम पूज्य राम मोहन जी महाराज द्वारा किया जा रहा है। प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक चल रही कथा में भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, धर्म और भक्ति के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर कथा श्रवण का लाभ उठा रहे हैं, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
आयोजन के अंतर्गत शुक्रवार को दोपहर 2:30 बजे से श्री देवेश्वर माता जी का मंगल पाठ भी आयोजित किया गया। वहीं शनिवार, 30 मई को प्रातः पाठ की हवन पूर्णाहुति संपन्न होगी। इसके पश्चात शाम 6:30 बजे से भजन-कीर्तन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।
आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार यह संपूर्ण कार्यक्रम सोनू भाई जी तथा संतोष भाई जी के सान्निध्य एवं आशीर्वाद में संपन्न हो रहा है। उनके मार्गदर्शन में सभी कार्यकर्ता और सेवाभावी सदस्य पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है। आयोजन ने सूरत के धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण को नई ऊर्जा प्रदान की है।



