हनीट्रैप में फंसाकर 2.59 लाख ऐंठने वाले पति और प्रेमी जूनागढ़ से गिरफ्तार
कारखानेदार को ब्लैकमेल कर वसूली का आरोप, दो महीने पहले दर्ज हुई थी शिकायत

सूरत। पुणा क्षेत्र के एक कारखानेदार को हनीट्रैप में फंसाकर उससे 2.59 लाख रुपये वसूलने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला के पति और कथित प्रेमी को जूनागढ़ से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को शिकायत के करीब दो महीने बाद पकड़कर सूरत लाया गया है। मामले में पुणा पुलिस आगे की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, पुणागाम क्षेत्र में रहने वाला 33 वर्षीय भावेश कापोद्रा इलाके में जॉबवर्क का कारखाना चलाता था। कारखाने के सामने स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाली एक महिला से उसकी पहचान वर्ष 2023 में हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और इसी दौरान महिला ने कथित तौर पर उसका आर्थिक शोषण शुरू कर दिया। आरोप है कि एक वर्ष के भीतर महिला ने नकद और ऑनलाइन माध्यम से उससे 2.59 लाख रुपये वसूल लिए।
इतना ही नहीं, महिला के पति ने भी इस पूरे खेल में साथ दिया। आरोप है कि कारखानेदार के साले को उसकी पत्नी के साथ अश्लील फोटो भेजे गए और यह भी कहा गया कि उसके परिवार की अन्य महिलाओं के साथ भी उसके अनैतिक संबंध हैं। इस घटनाक्रम के बाद परिवार में तनाव बढ़ गया और कारखानेदार की पत्नी अपने भाई के साथ चली गई।
खुद को पूरी तरह फंसा हुआ और बर्बाद महसूस कर रहे कारखानेदार ने गत 8 अप्रैल को पुणा पुलिस थाने में महिला, उसके पति और कथित प्रेमी के खिलाफ हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर सब-इंस्पेक्टर एन.डी. वेकरिया और उनकी टीम जूनागढ़ पहुंची और मेंदरडा के पास से महिला के पति मनोज व्यास तथा कथित प्रेमी राकेश पानसुरिया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जिस युवक को इस मामले में कथित प्रेमी बताया गया है, उसके खिलाफ संबंधित महिला ने पहले दुष्कर्म का मामला भी दर्ज कराया था, जिसमें उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है। फिलहाल पुणा पुलिस पूरे हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग रैकेट के एंगल से जांच आगे बढ़ा रही है।




