हाईवे पर जैन साधुओं की संदिग्ध दुर्घटनाओं के विरोध में मौन रैली
“हत्याओं को दुर्घटना का रूप दिया जा रहा” : जैन समाज का आरोप, सुबह 8:30 बजे सरगम शॉपिंग सेंटर से कलेक्टर कार्यालय तक निकलेगी रैली

सूरत। देश के विभिन्न राज्यों में विहार कर रहे जैन साधु-साध्वियों की संदिग्ध सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों को लेकर जैन समाज में भारी रोष व्याप्त है। मध्यप्रदेश में दो दिगंबर जैन साध्वियों की कथित रूप से सुनियोजित दुर्घटना में हत्या किए जाने के विरोध में सूरत में सकल जैन समाज द्वारा शुक्रवार को विशाल मौन रैली निकाली जाएगी तथा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
पत्रकार परिषद में एडवोकेट हितेश कुमार जैन ने बताया कि 20 मई 2026 को मध्यप्रदेश के रीवा शहर में आचार्य विद्यासागरजी महाराज की शिष्याएं एवं दिगंबर जैन समाज की साध्वी पूज्य श्रुतमति माताजी तथा पूज्य उपशम माताजी की कार से कुचलकर हत्या किए जाने का आरोप है। इस घटना के विरोध में देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि गुरुवार, 28 मई को गुजरात के चोटीला में श्वेतांबर जैन समाज के साधु पूज्य पन्यास श्री ओंकारशेखर विजयजी भी सड़क दुर्घटना में कालधर्म को प्राप्त हुए हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के विरोध में शुक्रवार सुबह 8:30 बजे सकल जैन समाज की मौन रैली निकाली जाएगी।
यह रैली अठवा लाइंस स्थित पार्ले पॉइंट के सरगम शॉपिंग सेंटर से प्रारंभ होकर कलेक्टर कार्यालय तक जाएगी। वहां समाज के प्रतिनिधि कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। आयोजकों के अनुसार रैली में 15 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। पुरुष सफेद वस्त्रों में, महिलाएं केसरिया परिधान में तथा सभी लोग काली पट्टी बांधकर शामिल होंगे।
रैली में दिगंबर, श्वेतांबर, स्थानकवासी और तेरापंथ सहित सभी जैन समाज के लोग शामिल होंगे। समाज की मांग है कि इन घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी सजा दी जाए तथा भारत सरकार विहाररत साधु-संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।पत्रकार परिषद में मोहनलाल परमार, निरव शाह, आर.जी. शाह, यशवंत शाह एवं कमल जैन भी उपस्थित रहे।




