46वें अग्रसेन जयंती समारोह में केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल, राज्य मंत्री हर्ष संघवी और बिहार के मंत्री संजय सरावगी होंगे शामिल

सूरत। अग्रवाल समाज ट्रस्ट द्वारा आयोजित 46वां अग्रसेन जयंती समारोह 21 सितम्बर को बेसू विस्तार स्थित द ग्रांड मुरली बैंक्वेट हॉल में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल, गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी एवं बिहार सरकार के मंत्री संजय सरावगी मुख्य अतिथि के रूप में पधारेंगे।
जयंती समारोह का शुभारंभ प्रातः 11.30 बजे से गीता बाल संस्कार के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सनातन धर्म की झलकियां कार्यक्रम से होगा। इसके बाद सनातन धर्म पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें समाज की 18 टीमें भाग लेंगी। महिला इकाई अध्यक्षा श्रीमती रेखा जालान ने बताया कि गीता बाल संस्कार द्वारा अग्रवाल समाज भवन सहित शहर के 18 केन्द्रों पर बच्चों को गीता, रामायण एवं अन्य सनातन ग्रंथों का अध्ययन कराया जा रहा है, जिसकी सार्थकता इस प्रतियोगिता में परिलक्षित होगी।
महिला इकाई की देखरेख में हो रहे इस आयोजन की पूरी रूपरेखा गीता बाल संस्कार की आगेवान बहन श्रीमती निमिषा अग्रवाल द्वारा तैयार की गई है। कार्यक्रम के पश्चात समाज की युवा इकाई द्वारा ऑपरेशन सिंदूर की तर्ज पर हाउजी का आयोजन किया जाएगा। इसी अवसर पर सभी अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। हाउजी के बाद संगीतमय संध्या का भी आयोजन होगा।
जयंती मुख्य संयोजक विनोद चिड़ावा वाले ने बताया कि मंत्री संजय सरावगी समाज के प्रति निष्ठावान और बिहार के जुझारू नेताओं में से एक हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील गोयल एवं जयंती मार्गदर्शक संजय जगनानी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल एवं राज्य मंत्री हर्ष संघवी का ट्रस्ट से हमेशा विशेष जुड़ाव रहा है।




