
सूरत। टेक्सटाइल इंडस्ट्री के सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंटों में शामिल “सूरत टेक्सटाइल क्रिकेट लीग-04” का भव्य आयोजन अलथान स्थित बीजे पटेल क्रिकेट ग्राउंड में किया गया। कपड़ा उद्योग से जुड़े व्यापारियों और युवाओं ने व्यस्त कारोबारी जीवन के बीच क्रिकेट का भरपूर आनंद लिया।
तीन दिवसीय इस क्रिकेट शृंखला में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। फाइनल मैच में फ्रेंड्स एजेंसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वंश ट्रेंड्ज़ को हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह और खेल भावना का विशेष माहौल देखने को मिला।
आयोजक गौतम सेठिया ने टूर्नामेंट को सफल बनाने में सहयोग देने वाली एजेंसियों एवं स्पॉन्सर्स का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अनुपमसिंह गहलोत, छोटू भाई पाटिल, टेक्सटाइल युवा ब्रिगेड के अध्यक्ष ललित शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता टीमों को सम्मानित किया।
टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट एवं बेस्ट बैट्समैन का खिताब टीम पटेल को मिला, जबकि बेस्ट बॉलर रतन चौधरी और बेस्ट फील्डर पंकज जैन रहे। सभी खिलाड़ियों को उपहार एवं स्पॉन्सर्स को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान युवा राकेश ने दांतों से रस्सी बांधकर कार खींचने का हैरतअंगेज प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन ने खेल के साथ मनोरंजन का भी भरपूर माहौल बनाया।



