राजस्थान फाउंडेशन सूरत चैप्टर में संजय बोथरा बने नए सचिव, महिला व युवा प्रकोष्ठ गठन पर चर्चा

सूरत। राजस्थान फाउंडेशन जयपुर के निर्देशानुसार राजस्थान फाउंडेशन सूरत चैप्टर की बैठक माहेश्वरी भवन में अध्यक्ष श्याम राठी के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में राजस्थान फाउंडेशन के पूर्व सचिव स्वर्गीय विक्रमसिंह शेखावत के निधन के बाद रिक्त हुए सचिव पद पर संजय बोथरा की सर्वसम्मति से नियुक्ति की गई।
बैठक में राजस्थान फाउंडेशन सूरत चैप्टर में महिला प्रकोष्ठ एवं युवा प्रकोष्ठ के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अध्यक्ष श्याम राठी ने दोनों प्रकोष्ठों के शीघ्र गठन पर जोर देते हुए कहा कि इससे समाज के युवाओं एवं महिलाओं को संगठन से जोड़ने में मजबूती मिलेगी। उपस्थित सदस्यों ने भी इस प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की।
इसके साथ ही गुजरात में राजस्थान की भाषा, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन तथा समाज को संगठित रूप से आगे बढ़ाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
मीडिया प्रभारी महेश पुंगलिया ने बताया कि बैठक में अध्यक्ष श्याम राठी, नव नियुक्त सचिव संजय बोथरा, कोषाध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, गौतम हालावाला, रामावतार पारिक, सुनील बाहेती सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




