
सूरत। दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) की ओर से 26 से 28 जून, 2026 तक सरसाना स्थित सूरत इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (एसआईईसीसी) में ‘ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो-2026’ का आयोजन किया जाएगा। टेक्सटाइल उद्योग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित यह प्रदर्शनी सूरत सहित देशभर के फैब्रिक निर्माताओं, व्यापारियों और खरीदारों के लिए बड़ा बिजनेस प्लेटफॉर्म बनेगी।
चैंबर अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने बताया कि पहले ‘विविनिट एग्जीबिशन’ के नाम से पहचाने जाने वाले इस आयोजन को अब ‘ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो’ के रूप में नया स्वरूप दिया गया है। इसका उद्देश्य सूरत की वीविंग, निटिंग, नैरो फैब्रिक्स, टेक्निकल टेक्सटाइल और गारमेंट इंडस्ट्री को वैश्विक बाजार से जोड़ना है। प्रदर्शनी में विस्कोस फैब्रिक पर पोजीशन प्रिंट, एयरजेट तकनीक आधारित फैब्रिक्स, पश्मीना बॉम्बर जैकेट फैब्रिक, लैपेट एम्ब्रॉयडर्ड फैब्रिक, रिसाइकिल कॉटन फैब्रिक, प्रीमियम फैशन फैब्रिक्स के साथ माइक्रोफाइबर बेडशीट, डुवेट, पिलो कवर, ब्लैकआउट व हॉस्पिटल कर्टेन तथा होम फर्निशिंग और टेक्निकल टेक्सटाइल उत्पादों की श्रृंखला प्रदर्शित की जाएगी।
चैंबर पदाधिकारियों के अनुसार गुजरात, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और चीन के शेंगझू सहित विभिन्न क्षेत्रों से करीब 200 प्रदर्शक भाग लेंगे। 1.16 लाख वर्गफुट के वातानुकूलित, पिलर-रहित हॉल में आयोजित इस एक्सपो में 25 हजार से अधिक B2B खरीदारों और विजिटर्स के आने की उम्मीद है। जयपुर, जोधपुर, इरोड, पुणे, वाराणसी, हैदराबाद, बेंगलुरु, लुधियाना, कोलकाता, चेन्नई, मुंबई और दिल्ली सहित देश के प्रमुख टेक्सटाइल बाजारों से खरीदार आमंत्रित किए गए हैं।
चैंबर उपाध्यक्ष रवि राज देसाई ने बताया कि पिछले वर्ष की प्रदर्शनी से प्रतिभागियों को छह माह में लगभग 450 करोड़ रुपये का कारोबार मिला था, जबकि इस बार 600 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की संभावना जताई जा रही है। 26 जून सुबह 10 बजे होने वाले उद्घाटन समारोह में गुजरात सरकार के उद्योग मंत्री जयराम गामित मुख्य अतिथि रहेंगे।




