लोकल न्यूज़सूरत सिटी

वीआईपी बंदोबस्त के दौरान रील बनाना पड़ा भारी, TRB जवान बर्खास्त

प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सोशल मीडिया पर रील वायरल होने के बाद कार्रवाई, खुद को अंडरकवर ऑफिसर बताने का भी किया था दावा

सूरत। प्रधानमंत्री के सूरत दौरे को लेकर शहर में कड़े सुरक्षा इंतजाम और वीआईपी बंदोबस्त के बीच ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक ब्रिगेड (TRB) जवान को सोशल मीडिया के लिए रील बनाना महंगा पड़ गया। ड्यूटी के दौरान रील बनाकर उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने तथा पुलिस विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाने के आरोप में ट्रैफिक शाखा ने संबंधित जवान को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

जानकारी के अनुसार ट्रैफिक शाखा रीजन-2 में कार्यरत TRB जवान प्रभातसिंह खुमाणसिंह ने 4 जून को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बंदोबस्त की रिहर्सल के दौरान हेड क्वार्टर परिसर में पुलिस जीप के पास खड़े होकर वर्दी में इंस्टाग्राम रील बनाई थी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। इसके बाद ट्रैफिक शाखा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कराई।

सहायक पुलिस आयुक्त, रीजन-2 द्वारा कराई गई प्राथमिक जांच में पाया गया कि ड्यूटी के दौरान रील बनाना गंभीर अनुशासनहीनता है तथा इससे पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रभातसिंह के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें ट्रैफिक ब्रिगेड की मानद सेवा से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। साथ ही उन्हें जारी पहचान पत्र और अन्य सरकारी सामग्री भी वापस ले ली गई।

जांच में यह भी सामने आया कि रील में प्रभातसिंह ने स्वयं को “अंडरकवर ऑफिसर” बताने का दावा किया था। बंदोबस्त के दौरान उपयोग किए जाने वाले पहचान पत्र पर नाम और पद अंकित नहीं होने का हवाला देकर उन्होंने यह दावा किया था, जो बाद में उनके लिए परेशानी का कारण बन गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में यदि कोई कर्मचारी या मानद सेवक ड्यूटी के दौरान इस प्रकार की अनुशासनहीन गतिविधि करता है या विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button