
सूरत। दक्षिण गुजरात चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा 26 से 28 जून तक सरसाणा स्थित सूरत इंटरनेशनल एक्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में ‘ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो’ का आयोजन किया गया है।
चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने बताया कि चेंबर की पूर्व में ‘विवनीट एक्जीबिशन’ के नाम से प्रसिद्ध और सफल रही प्रदर्शनी अब ‘ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो’ के नाम से जानी जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस एक्सपो का उद्देश्य शहर के वीविंग, निटिंग, नैरो फैब्रिक्स, टेक्निकल टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योगों को नई दिशा और गति देना है। इस प्रदर्शनी के माध्यम से यार्न से कपड़ा तैयार करने वाले सूरत सहित दक्षिण गुजरात के वीवर्स, निटर्स, टेक्निकल टेक्सटाइल, वेल्वेट और पाइल फैब्रिक उत्पादकों तथा गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स को व्यवसाय से व्यवसाय का मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
पूर्व में आयोजित विवनीट एक्जीबिशन को मिली शानदार सफलता के बाद इस वर्ष इसका पांचवां संस्करण ‘ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो’ के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सूरत के निर्माताओं को केवल सूरत या भारत तक सीमित न रखते हुए उन्हें वैश्विक स्तर तक पहुंचाना है।
इस एक्सपो में हॉस्पिटल कर्टेन्स, शॉवर कर्टेन्स, ड्रेपरीज ब्लैक-आउट और व्हाइट-आउट फैब्रिक, माइक्रो फाइबर पॉलिएस्टर फैब्रिक, माइक्रो फाइबर बेडशीट्स, कम्फर्टर फैब्रिक, माइक्रो फाइबर ड्यूवेट फैब्रिक, माइक्रो फाइबर ड्यूवेट्स और ड्यूवेट कवर, पिलो कवर, माइक्रो फाइबर बेडस्प्रेड, प्लेटेड माइक्रो फाइबर बेडस्कर्ट्स, डिजिटल प्रिंटेड ब्लैकआउट फैब्रिक और अल्ट्रासोनिक ब्लैकआउट फैब्रिक का प्रदर्शन किया जाएगा। यह सभी उत्पाद सूरत के इंटीग्रेटेड अथवा कंपोजिट यूनिट्स द्वारा तैयार किए जाते हैं।
अशोक जीरावाला ने बताया कि ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो में नवीनतम तकनीक से तैयार विस्कोस फैब्रिक पर पोजिशन प्रिंट, एयरजेट पर सालसा प्लेन और सालसा बूटीदार फैब्रिक प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके अलावा लग्जरी, कम्फर्ट और ट्रेंडी फैशन का अनोखा संगम प्रस्तुत करने वाले पश्मीना बॉम्बर जैकेट फैब्रिक, करघे पर सीधा एम्ब्रॉयडरी प्रभाव देने वाले प्रीमियम और उच्च मूल्य के लपेट एम्ब्रॉयडरी फैब्रिक तथा टेक्सटाइल वेस्ट से तैयार पर्यावरण हितैषी रिसाइकिल्ड कॉटन फैब्रिक भी देखने को मिलेंगे।
इस अवसर पर चेंबर के उपाध्यक्ष रविराज देसाई तथा तत्कालीन पूर्व अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने भी प्रासंगिक संबोधन किया।




