आरआर टीएम मार्केट के व्यापारी ने की 22.60 लाख की ठगी,
ग्रे कपड़े का माल खरीदने के बाद भुगतान किए बिना दुकान बंद कर हुआ था फरार, दलाल के खिलाफ भी मामला दर्ज,गीता फैशन का संचालक गिरफ्तार

सूरत, 5 अगस्त। कडोदरा रोड स्थित सारोली के आरआर टीएम मार्केट में ग्रे कपड़े के व्यापार से जुड़ी 22.60 लाख रुपये की ठगी के मामले में सारोली पुलिस ने गीता फैशन के संचालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में एक दलाल के खिलाफ भी अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, कतारगाम निवासी पार्थभाई मांगुकिया श्री कपी टेक्सटाइल, मारुति टेक्स एवं मारुति टेक्सटाइल के नाम से व्यापार करते हैं। उनकी पहचान रिश्तेदार के माध्यम से गीता फैशन के संचालक समीरकुमार भूतनाथ पाल तथा कपड़ा दलाल योगेश कांतिभाई वसोया से हुई थी। शुरुआती लेन-देन में समय पर भुगतान कर दोनों ने व्यापारी का विश्वास जीत लिया।
आरोप है कि 14 फरवरी से 15 अप्रैल 2026 के बीच समीरकुमार पाल और योगेश वसोया ने अलग-अलग बिलों के जरिए करीब 25.38 लाख रुपये का कुमारी सिल्क ग्रे कपड़ा खरीदा। इसके बदले केवल 66,885 रुपये का भुगतान किया गया और लगभग 2.10 लाख रुपये का प्रिंटेड कपड़ा लौटाया गया। इसके बावजूद 22,60,328 रुपये की राशि बकाया रही। बार-बार तकादा करने पर भी आरोपियों ने भुगतान नहीं किया और झूठे आश्वासन देते रहे। बाद में गीता फैशन की दुकान पर ताला लगाकर फरार हो गए।
पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर सारोली पुलिस ने समीरकुमार भूतनाथ पाल और दलाल योगेश वसोया के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। पुलिस ने समीरकुमार भूतनाथ पाल (56), निवासी मुंडेश्वरी कॉम्प्लेक्स, एल.पी. सवाणी स्कूल के पास, अडाजन, सूरत तथा मूल निवासी रांची (झारखंड) को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में फरार अन्य आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।मामले की जांच पीएसआई यूबी मेंदपरा कर रहे है।



