महिला स्वास्थ्य जागरूकता शिविर में 80 महिलाओं ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
सूरत जिला माहेश्वरी महिला संगठन (शंकर संभाग) की पहल, विशेषज्ञों ने दी स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी

सूरत। सूरत जिला माहेश्वरी महिला संगठन (शंकर संभाग) द्वारा बुधवार को वीआईपी रोड स्थित ब्लेसिंग्स हॉस्पिटल के सहयोग से महिलाओं के स्वास्थ्य एवं समग्र कल्याण को समर्पित ‘महिला स्वास्थ्य एवं अवेयरनेस शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा समय पर जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना था।
शिविर में महिलाओं के लिए बोन मिनरल डेंसिटी (BMD) टेस्ट, स्तन कैंसर जांच (ब्रेस्ट स्क्रीनिंग) सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। इस अवसर पर फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. कुलदीप सोनी, डाइटीशियन डॉ. रितु मोडा, डेंटल कंसलटेंट डॉ. सुरभि दरक, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वाति अग्रवाल तथा ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. अंशुल अग्रवाल ने स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत दोपहर 2 से 3 बजे तक विशेष अवेयरनेस टॉक शो आयोजित किया गया। इसमें मेनोपॉज के लक्षण एवं समाधान, 35 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए आयरन एवं कैल्शियम की आवश्यकता, कैंसर जागरूकता तथा संतुलित आहार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी। प्रश्नोत्तर सत्र में महिलाओं ने स्वास्थ्य संबंधी अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका विशेषज्ञों ने सरल और उपयोगी समाधान बताया। 
शिविर में करीब 80 महिलाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श का लाभ उठाया। कार्यक्रम की रूपरेखा संगठन की अध्यक्ष प्रतिभा मोलासरिया एवं सचिव श्वेता जाजू के मार्गदर्शन में तैयार की गई। आयोजन के सफल संचालन में उपाध्यक्ष दिशा बसेर, सह-सचिव रंजिता कोठारी, कल्पना कपूरिया, दीक्षिता झंवर, नेहा झंवर, अंकिता राठी, सोनाली मालपानी सहित पूरी टीम का विशेष सहयोग रहा।



