श्रीलंका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय टेक्सटाइल एक्सपो में एसजीसीसीआई के 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी
चैंबर अध्यक्ष अशोक जिरावाला व मानद कोषाध्यक्ष अतुल पटेल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने ‘इंटेक्स साउथ एशिया’ और ‘इनमैक वर्ल्ड एक्सपो’ का किया दौरा

सूरत, 5 अगस्त। दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) के अध्यक्ष अशोक जिरावाला एवं मानद कोषाध्यक्ष अतुल पटेल के नेतृत्व में 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने श्रीलंका की राजधानी कोलंबो स्थित बीएमआईसीएच (BMICH) में 5 से 7 अगस्त तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी ‘इंटेक्स साउथ एशिया’ और ‘इनमैक वर्ल्ड एक्सपो’ का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित आधुनिक यार्न, एपेरल फैब्रिक्स, डेनिम, टेक्सटाइल एक्सेसरीज तथा नवीनतम गारमेंट मशीनरी तकनीकों का अवलोकन किया।
प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन श्रीलंका के उद्योग एवं उद्यमिता विकास मंत्री सुनील हन्दुन्नेत्ती तथा श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर दोनों देशों के उद्योग एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
चैंबर अध्यक्ष अशोक जिरावाला ने कहा कि प्रदर्शनी में भारतीय प्रदर्शकों की सबसे अधिक भागीदारी यह दर्शाती है कि भारत और श्रीलंका के बीच व्यापारिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच लागू फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) और भौगोलिक निकटता के कारण भारतीय, विशेषकर दक्षिण गुजरात के टेक्सटाइल उद्योग के लिए निर्यात बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने उद्योग जगत से इन अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय प्रदर्शनी के दौरान वैश्विक निर्यात प्रतिस्पर्धा को ध्यान में रखते हुए ग्रीन रेगुलेशंस, सर्कुलैरिटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, सप्लाई चेन ऑटोमेशन तथा उत्पादन क्षमता बढ़ाने वाली अत्याधुनिक तकनीकों पर विशेषज्ञों द्वारा उद्योगपतियों को विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा। इससे भारतीय टेक्सटाइल उद्योग को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी बनने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।



