businessTextileक्राइमसूरत सिटी

साड़ी व्यापारी को विश्वास में लेकर 12.19 लाख रुपये की धोखाधड़ी

सूरत। शहर के रिंग रोड स्थित कपड़ा बाजार में एक साड़ी व्यापारी के साथ 12.19 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस संबंध में सलाबतपुरा पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सिंगणपोर निवासी पार्थ महेश कुमार खूट ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह वर्तमान में एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वर्ष 2021 से 2025 तक उनकी माता आशाबेन महेश कुमार खूट के स्वामित्व वाली ‘श्री शक्ति साड़ीज’ फर्म का कारोबार संभालते थे।

शिकायत के मुताबिक, रिंग रोड स्थित कपड़ा बाजार में कारोबार के दौरान उनकी पहचान बालाजी राममूर्ति, संचालक साउथ इंडिया टेक्सटाइल एजेंसी, दुकान नं. ए-328, एसएमसी मार्केट, सहारा दरवाजा से हुई थी। आरोपी ने शुरुआत में कई बार नकद भुगतान कर साड़ी खरीदकर भरोसा कायम किया और बाद में 30 दिन में भुगतान करने का आश्वासन देकर उधार में माल मंगाना शुरू किया।

20 जुलाई 2022 से 17 अक्टूबर 2022 के बीच शिकायतकर्ता ने विभिन्न बिलों के माध्यम से कुल 13.15 लाख रुपये मूल्य की साड़ियां आरोपी को सप्लाई कीं। आरोप है कि आरोपी ने विश्वास बनाए रखने के लिए केवल 95,744 रुपये का भुगतान किया तथा 70 हजार रुपये का एक चेक दिया, जो बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गया।

इसके बाद 12,19,625 रुपये का बकाया भुगतान मांगने पर आरोपी लगातार बहाने बनाता रहा। वर्ष 2022 के अंत में उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और दुकान भी बंद मिली। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी भुगतान किए बिना फरार हो गया और जानबूझकर धोखाधड़ी की।

सलाबतपुरा पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी बालाजी राममूर्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर पीएसआई एम.एच. झाला की निगरानी में आगे की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button