रिंग रोड ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से कॉलेज छात्रा की मौत, शरीर के ऊपर से गुजरा कार का पहिया
मेडिकल छात्रा स्नेहा घोरी की इलाज के दौरान मौत, हिट एंड रन मामले में पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया

सूरत। सूरत के सिविल अस्पताल के पास स्थित रिंग रोड ओवरब्रिज पर एक बार फिर हिट एंड रन की दर्दनाक घटना सामने आई है। 22 वर्षीय मेडिकल छात्रा स्नेहा घोरी इलेक्ट्रिक मोपेड से कॉलेज जा रही थीं, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद स्नेहा सड़क पर गिर गईं और कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल छात्रा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि कार चालक ने टक्कर मारने के बाद वाहन नहीं रोका, बल्कि कार का पहिया छात्रा के शरीर के ऊपर से गुजर गया। उनकी पीठ पर टायर के स्पष्ट निशान मिले हैं। दुर्घटना में शरीर के अंदरूनी अंगों को गंभीर क्षति पहुंची और भारी मात्रा में इंटरनल ब्लीडिंग होने के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर ऑर्गन डैमेज के चलते उन्हें बचाया नहीं जा सका।
स्नेहा पढ़ाई में बेहद मेधावी थीं। वह मनोविज्ञान (साइकोलॉजी) में मास्टर डिग्री कर रही थीं और भविष्य में मनोचिकित्सक (साइकियाट्रिस्ट) बनकर समाज सेवा करना चाहती थीं। वह अपने माता-पिता और भाई के साथ बॉम्बे मार्केट स्थित नवजीवन सोसायटी में रहती थीं। उनके पिता प्रकाशभाई घोरी सूरत में एम्ब्रॉयडरी का कारखाना चलाते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही खटोदरा पुलिस मौके और अस्पताल पहुंची। छात्रा के पिता प्रकाशभाई घोरी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ हिट एंड रन तथा लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सिविल अस्पताल ब्रिज और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार कार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।



