श्री कुशल दर्शन दादावाड़ी में 22 जुलाई को होगा साध्वी श्री मोक्षांजनाश्रीजी का भव्य चतुर्मास प्रवेश
शोभायात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में, देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

सूरत। श्री कुशल दर्शन दादावाड़ी, पर्वत पाटिया में परम पूज्य गुड़ामालानी उद्धारिका, नवोदित श्री विचक्षण धाम प्रेरिका एवं श्री मांगलिक प्रदात्री प.पू. विचक्षणमणि गुरु माँ श्री सुरंजनाश्रीजी महाराज की सुशिष्या प.पू. साध्वीवर्या श्री मोक्षांजनाश्रीजी महाराज का चतुर्मास प्रवेश समारोह 22 जुलाई को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। उनके साथ प.पू. साध्वीवर्या श्री दर्शनांजनाश्रीजी, नम्रतांजनाश्रीजी, करूणांजनाश्रीजी एवं हितांजनाश्रीजी सहित ठाणा-5 भी चतुर्मास हेतु प्रवेश करेगा।
संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र सेठिया ने बताया कि चतुर्मास प्रवेश को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। शोभायात्रा में जैन ध्वज, बैंड, ढोल-नगाड़ों के साथ धार्मिक वातावरण का सृजन होगा। विभिन्न महिला मंडलों की ओर से पारंपरिक सोमिया के माध्यम से साध्वी मंडल का स्वागत किया जाएगा।
संघ के सचिव पारस हालावाला ने बताया कि आयोजन की सभी समितियां अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। शोभायात्रा 22 जुलाई की सुबह 9 बजे श्री शीतलनाथ जैन मंदिर, दर्शन रेजीडेंसी से प्रारंभ होगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री कुशल दर्शन दादावाड़ी, पर्वत पाटिया पहुंचेगी। वहां धर्मसभा का आयोजन होगा।
चतुर्मास समिति के अध्यक्ष मुकेश छाजेड़ ने बताया कि इस अवसर पर राजस्थान, बाड़मेर सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सूरत पहुंचने की संभावना है। शोभायात्रा मार्ग को आकर्षक रंगोलियों से सजाया जाएगा, जबकि श्री मुनि सुव्रत स्वामी मंदिर एवं श्री कुशल दर्शन दादावाड़ी को भव्य रोशनी और आकर्षक सजावट से अलंकृत किया जा रहा है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल है।


