सूरत में इस्कॉन हरे कृष्ण मूवमेंट की भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा निकली, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

सूरत। पर्वत पाटिया क्षेत्र में रविवार को इस्कॉन हरे कृष्ण मूवमेंट द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। रोहिणी नंदन दास प्रभुजी के मार्गदर्शन में आयोजित रथ यात्रा सायं 5 बजे अक्षय पात्र फाउंडेशन परिसर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए रात्रि 8 बजे संपन्न हुई।
रथ यात्रा में हरे कृष्ण मूवमेंट, बड़ौदा के प्रताप रुद्र प्रभुजी विशेष रूप से उपस्थित रहे। 500 से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं माता सुभद्रा के रथ की डोरी खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया। यात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा, आरती और प्रसाद वितरण कर स्वागत किया। पूरे मार्ग में “हरे कृष्ण” महामंत्र के संकीर्तन और भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर राजस्थान युवा संघ के उपाध्यक्ष रामावतार पारीक, पार्षद अशोक शाह तथा एसटीएम मार्केट के नवनिर्वाचित प्रतिनिधि किशन सिंह झाला सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने भगवान श्री जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
रथ यात्रा के समापन पर अक्षय पात्र फाउंडेशन परिसर में महाप्रसाद का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि श्री जगन्नाथ रथ यात्रा प्रेम, सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देने वाला महापर्व है। इस्कॉन हरे कृष्ण मूवमेंट के सेवादारों एवं सहयोगियों के समर्पित प्रयासों से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




