मनसुख जी संचेती पुनः बने तेरापंथ युवक परिषद सरदारपुरा के अध्यक्ष
वार्षिक साधारण सभा में सर्वसम्मति से हुआ चयन, कार्यकर्ताओं का भी किया गया सम्मान

सरदारपुरा। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशानुसार तेरापंथ युवक परिषद, सरदारपुरा की वार्षिक साधारण सभा तेरापंथ भवन, अमर नगर में आयोजित की गई। समणी मलय प्रज्ञा जी के सानिध्य में आयोजित सभा की शुरुआत सामूहिक मंगलाचरण और विजय गीत से हुई।
तेयुप सरदारपुरा के अध्यक्ष मनसुख जी संचेती ने स्वागत करते हुए गत वर्ष की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परिषद जैन संस्कार विधि, नेत्रदान और विहार सेवा जैसे क्षेत्रों में देशभर की 350 से अधिक परिषदों में कई महीनों तक प्रथम एवं द्वितीय स्थान पर रही है। मंत्री देवीचंद तातेड ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष जिनेन्द्र बोथरा ने आय-व्यय का ब्यौरा रखा।
सभा के दूसरे सत्र में आगामी सत्र 2026-27 के लिए अध्यक्ष पद हेतु मनसुख जी संचेती का नाम प्रस्तावित किया गया, जिस पर उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से अपनी सहमति प्रदान की। चुनाव अधिकारी नरेश जी सिंघवी एवं नरेंद्र जी सेठिया ने मनसुख संचेती को पुनः अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनसुख जी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारा एक ही लक्ष्य होना चाहिए— “संघ का काम हो, संघ का नाम हो।” कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ता सम्मान समारोह आयोजित कर गत वर्ष उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों का सम्मान किया गया। मंच संचालन गौरव जी वरमेचा ने किया।




