
सूरत। भारत सरकार के इंडियन ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) एवं कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के संयुक्त तत्वावधान में 12 से 15 अगस्त, 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले ‘भारतीय व्यापार महोत्सव-2026’ के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपना शुभकामना संदेश भेजते हुए देशभर के व्यापारियों, उद्यमियों, निवेशकों और आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
CAIT के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं टेक्सटाइल एवं गारमेंट समिति के राष्ट्रीय चेयरमैन चम्पालाल बोथरा ने बताया कि यह महोत्सव देश के व्यापारिक इतिहास का सबसे बड़ा बहु-क्षेत्रीय व्यापार आयोजन बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में व्यापारियों, उद्यमियों और उद्योग जगत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में व्यापार और उद्यमशीलता की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएम गतिशक्ति, राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति, कारोबारी प्रक्रियाओं के सरलीकरण, डिजिटल तकनीक के विस्तार और व्यापार सुगमता से जुड़े सुधारों ने उद्योग एवं व्यापार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है। साथ ही विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) से भारतीय निर्यात और व्यापार के नए द्वार खुले हैं। उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ अभियान को भारतीय उत्पादों की वैश्विक पहचान का मजबूत माध्यम बताते हुए गुणवत्ता, नवाचार, ब्रांडिंग और मूल्य संवर्धन पर विशेष बल दिया।
चम्पालाल बोथरा ने बताया कि महोत्सव का भव्य उद्घाटन 12 अगस्त को प्रातः 11 बजे केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। आयोजन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, CAIT की सलाहकार स्मृति ईरानी तथा सांसद एवं CAIT के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल के मार्गदर्शन में होगा।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में 1000 से अधिक स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल, 2 लाख से अधिक व्यापारियों की भागीदारी, 10 लाख से अधिक आगंतुक, 40 से अधिक देशों के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल, 40 से अधिक हाई कमिश्नर, 20 से अधिक केंद्रीय मंत्री, 25 से 30 मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री, 100 से अधिक महिला उद्यमियों के लिए विशेष डोम, 325 से अधिक निवेशकों की भागीदारी वाला स्टार्टअप सेमिनार, प्रतिदिन बिजनेस सेमिनार, बी2बी नेटवर्किंग, निर्यात एवं निवेश के अवसर तथा देशभर के प्रसिद्ध व्यंजनों का विशेष फूड जोन आकर्षण का केंद्र रहेगा।
बोथरा ने देशभर के व्यापारियों, विशेष रूप से टेक्सटाइल एवं गारमेंट उद्योग, MSME, स्टार्टअप, निर्माताओं, निर्यातकों और युवा उद्यमियों से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापार विस्तार का सुनहरा अवसर है। उन्होंने व्यापारियों से बिजनेस डेलीगेट के रूप में निःशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण कराने तथा यात्रा एवं होटल की अग्रिम बुकिंग सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया।



