दिल्ली NCRदेश

तत्काल टिकट बुकिंग में बड़ा बदलाव: 1 अगस्त से लागू होगी टोकन प्रणाली

भीड़ होगी कम, समय बचेगा और बुकिंग प्रक्रिया बनेगी अधिक व्यवस्थित

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से बड़ा बदलाव किया है। 1 अगस्त 2026 से तत्काल टिकट बुकिंग के लिए नई टोकन प्रणाली लागू की जाएगी। शुरुआती चरण में यह व्यवस्था वेस्ट सेंट्रल रेलवे के स्टेशनों पर लागू होगी।

नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को अब सुबह-सुबह आरक्षण काउंटर पर लंबी कतार में खड़े रहने की आवश्यकता नहीं होगी। निर्धारित समय के दौरान टोकन प्राप्त करने के बाद यात्री टोकन पर दिए गए समय के अनुसार काउंटर पर पहुंचकर अपनी तत्काल टिकट बुक करा सकेंगे।

रेलवे के अनुसार, एसी तत्काल टिकट के लिए टोकन सुबह 8:30 से 9:00 बजे तक और नॉन-एसी तत्काल टिकट के लिए 9:00 से 9:30 बजे तक वितरित किए जाएंगे। इससे घंटों लाइन में लगने की परेशानी कम होगी और आरक्षण प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित बनेगी।

प्रारंभिक व्यवस्था के तहत प्रत्येक आरक्षण काउंटर से 10 एसी तत्काल टोकन और 15 नॉन-एसी तत्काल टोकन जारी किए जाएंगे। हालांकि, यात्रियों की संख्या, स्थानीय आवश्यकता और स्टेशन की परिस्थितियों के अनुसार इनकी संख्या बढ़ाई या घटाई जा सकती है।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि सभी टोकन धारकों की बुकिंग पूरी होने के बाद यदि सीटें उपलब्ध रहती हैं, तो शेष टिकट ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर अन्य यात्रियों को उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, नई प्रणाली में परिवार के लिए टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को प्राथमिकता देने की भी व्यवस्था की गई है। रेलवे का मानना है कि इस नई टोकन प्रणाली से आरक्षण काउंटरों पर भीड़ कम होगी, यात्रियों का समय बचेगा और तत्काल टिकट बुकिंग प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी एवं सुचारु बनेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button