भारी बारिश और खाड़ीपुर से प्रभावित पार्टी प्लॉटों को राहत व मुआवजा देने की मांग
सर्वे कराकर मुआवजा और संपत्ति कर में छूट देने की अपील, सूरत पार्टी प्लॉट एसोसिएशन ने मेयर, मनपा आयुक्त और उपमुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

सूरत। हाल ही में शहर में हुई अत्यधिक बारिश और खाड़ीपुर की स्थिति से प्रभावित पार्टी प्लॉट संचालकों ने नुकसान की भरपाई के लिए राहत पैकेज की मांग उठाई है। सूरत पार्टी प्लॉट एसोसिएशन ने मेयर, नगर आयुक्त सहित महानगरपालिका के प्रमुख पदाधिकारियों तथा उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित पार्टी प्लॉटों का सर्वे कराने, मुआवजा देने और संपत्ति कर सहित अन्य मनपा शुल्कों में विशेष राहत या छूट देने की मांग की है।
एसोसिएशन ने बताया कि 7 जुलाई 2026 को शहर में लगभग 14 इंच बारिश होने और खाड़ीपुर के कारण अनेक खुले पार्टी प्लॉट जलमग्न हो गए थे। इससे मंडप सामग्री, फर्नीचर, इलेक्ट्रिकल उपकरण, डेकोरेशन सामग्री, जनरेटर, गार्डन क्षेत्र, वाहन तथा अन्य आवश्यक सामान को भारी नुकसान पहुंचा। इस प्राकृतिक आपदा के कारण पार्टी प्लॉट संचालकों को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और इस व्यवसाय से जुड़े अनेक परिवारों की आजीविका भी प्रभावित हुई।
एसोसिएशन का कहना है कि भारी बारिश और खाड़ीपुर से प्रभावित आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों का सर्वे कर उन्हें राहत और संपत्ति कर में छूट देने का निर्णय लिया गया, लेकिन प्रभावित पार्टी प्लॉटों का अब तक कोई सर्वे नहीं कराया गया और न ही उन्हें किसी प्रकार की राहत दी गई है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रभावित पार्टी प्लॉटों का तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिया जाए, संपत्ति कर एवं अन्य मनपा शुल्कों में विशेष छूट या माफी प्रदान की जाए, जलभराव की समस्या रोकने के लिए ड्रेनेज एवं वर्षा जल निकासी व्यवस्था में सुधार किया जाए तथा प्राकृतिक आपदा से प्रभावित पार्टी प्लॉट संचालकों को सरकार और महानगरपालिका की सभी राहत योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।



