
सूरत। पुणागाम क्षेत्र में महिलाओं से साड़ियों पर लेस-पट्टी लगाने का जॉबवर्क करवाने के बाद मजदूरी का भुगतान किए बिना एक व्यापारी फरार हो जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में महिलाओं के करीब 22.33 लाख रुपये फंस गए हैं। पुणागाम पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुणागाम स्थित सीताराम सोसायटी में रहने वाली वर्षाबेन पांचाभाई बलदाणिया समेत कई महिलाएं घर पर सिलाई व जॉबवर्क का काम कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। आरोपी सुगंधकुमार भागचंद जैन, जो एस.जे. क्रिएशन नाम से फर्म चलाता था, मार्केट से साड़ियां लाकर महिलाओं से उन पर लेस-पट्टी लगाने का काम करवाता था।
नवंबर-2025 से 13 अप्रैल-2026 के दौरान महिलाओं ने बड़ी संख्या में साड़ियों पर काम किया था। काम पूरा होने के बाद मजदूरी के कुल 22,33,595 रुपये बकाया निकले। आरोप है कि भुगतान करने के बजाय सुगंधकुमार जैन ने अपना कारोबार और खाता बंद कर दिया तथा मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ कर फरार हो गया।
महिलाओं की शिकायत के आधार पर पुणागाम पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।



