लसकाणा में टेक्सटाइल व्यापारी को नशीली दवा पिलाकर सोने की चेन लूटने वाली तिकड़ी गिरफ्तार
दोस्तों के साथ कार में घूमने निकले व्यापारी को बेहोश कर 4.93 लाख की चेन चोरी

सूरत। लसकाणा क्षेत्र में टेक्सटाइल व्यापारी को नशीली दवा पिलाकर बेहोश करने के बाद गले से सोने की चेन चोरी कर फरार होने वाले तीन आरोपियों को लसकाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब 4.93 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन भी बरामद कर ली है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मूल भावनगर निवासी और वर्तमान में मोटा वराछा स्थित सुदामा चौक के आलोक रेसिडेंसी में रहने वाले 47 वर्षीय दुश्यंत जीवराजभाई गोधाणी टेक्सटाइल व्यवसाय से जुड़े हैं। गत 29 तारीख की रात दुश्यंत गोधाणी अपने मित्र यश अशोकभाई बगथरिया तथा उसके मित्र सवन सखिया और हिमांशु बगथरिया के साथ अपनी कार में घूमने निकले थे।
रास्ते में दुश्यंत गोधाणी की तबीयत ठीक नहीं होने की बात कहने पर आरोपी सवन सखिया ने पेनकिलर और विटामिन की गोली बताकर उन्हें नशीली दवा की तीन गोलियां खिला दीं। दवा का असर होते ही दुश्यंत गोधाणी बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपियों ने उनके गले में पहनी 44.030 ग्राम वजन की लगभग 4.93 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी कर ली और व्यापारी को कार में ही छोड़कर फरार हो गए।
व्यापारी 29 तारीख की रात से अगले दिन दोपहर लगभग 1 से 1:30 बजे तक लसकाणा-गढ़पुर रोड स्थित नवकार पैलेस के पास कार में बेहोशी की हालत में पड़े रहे। होश में आने के बाद उन्होंने एक मित्र को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के संबंध में दुश्यंत गोधाणी ने लसकाणा पुलिस थाने में मित्र यश बगथरिया सहित सवन सखिया और हिमांशु बगथरिया के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए लसकाणा पुलिस स्टेशन की पीआई मीनाबा झाला के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों—टैक्सी चालक सवन कानजीभाई सखिया (22), सैलून संचालक यश अशोकभाई बगथरिया (21) तथा हिमांशु विजयभाई रावराणी उर्फ बगथरिया (19)—को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



