
सूरत, 7 अगस्त। दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) और श्रीलंका की प्रमुख व्यापारिक संस्था द सिलोन चैंबर ऑफ कॉमर्स के बीच द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) का नवीनीकरण किया गया। कोलंबो में आयोजित विशेष समारोह में एसजीसीसीआई अध्यक्ष अशोक जीरावाला और द सिलोन चैंबर ऑफ कॉमर्स के चेयरपर्सन कृष्णन बलेन्द्रा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
एमओयू के नवीनीकरण के बाद भारत और श्रीलंका के उद्योगपतियों के बीच उच्चस्तरीय बिजनेस नेटवर्किंग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें नए व्यापारिक अवसरों और बी2बी संपर्क बढ़ाने पर चर्चा हुई।
एसजीसीसीआई अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने कहा कि यह एमओयू दोनों देशों के आर्थिक एवं व्यापारिक संबंधों को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इससे दक्षिण गुजरात के उद्योगपतियों के लिए श्रीलंका में निर्यात और निवेश के नए अवसर खुलेंगे तथा श्रीलंकाई उद्योगों को गुजरात के औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
बैठक में श्रीलंका के प्रसिद्ध नीलम (सफायर) रत्नों के आयात और जेम्स-ज्वेलरी क्षेत्र में सहयोग पर विशेष चर्चा हुई। इसके अलावा श्रीलंका के परिधान उद्योग के साथ गुजरात के निर्माताओं को जोड़ने, गारमेंट एक्सेसरीज, सप्लाई चेन और वितरण क्षेत्र में साझेदारी विकसित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
दोनों पक्षों ने वेस्ट-टू-एनर्जी, डिजिटल तकनीक, आईटी, मसाले और प्रसंस्कृत खाद्य क्षेत्र में संयुक्त निवेश और व्यापार बढ़ाने पर भी सहमति जताई। साथ ही महिला उद्यमियों के बीच सहयोग और नए कारोबारी नेटवर्क विकसित करने पर जोर दिया गया।




