राजस्थानसामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

शक्तिसिंह तंवर बने राजस्थान युवा संघ के नए अध्यक्ष

बजरंगसिंह कवैया को सर्वसम्मति से बनाया संरक्षक, जगदीश शर्मा के साथ नई टीम देगी संघ को नई दिशा

सूरत। सूरत में प्रवासियों की प्रमुख सामाजिक संस्था राजस्थान युवा संघ में नई जिम्मेदारियों का गठन किया गया। संघ के कार्यालय में ट्रस्टियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में शक्तिसिंह तंवर को सर्वसम्मति से राजस्थान युवा संघ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि बजरंगसिंह कवैया को सर्वसम्मति से संघ का संरक्षक बनाया गया।

राजस्थान युवा संघ के अध्यक्ष रहे विक्रमसिंह शेखावत के आकस्मिक निधन के बाद अध्यक्ष पद रिक्त था। ऐसे में संघ के सहसचिव रहे शक्तिसिंह तंवर को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। तंवर लंबे समय से राजस्थान युवा संघ से जुड़े हुए हैं और वर्तमान में टेक्सटाइल युवा ब्रिगेड के उपाध्यक्ष भी हैं। सरल स्वभाव, सेवाभावी व्यक्तित्व और सभी को साथ लेकर चलने की कार्यशैली के कारण उन्हें संगठन में व्यापक स्वीकार्यता प्राप्त है।

कोरोना महामारी के कठिन दौर में भी तंवर ने जरूरतमंद लोगों तक राशन, चिकित्सा सामग्री सहित आवश्यक सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने अपनी लग्जरी गाड़ी तक को राशन वितरण के लिए इस्तेमाल किया और दिन-रात सेवा कार्यों में जुटे रहे। राजस्थान युवा संघ के विभिन्न कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा समाज के युवाओं को संगठन से जोड़ने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

वहीं, बजरंगसिंह कवैया राजस्थान युवा संघ के पुराने ट्रस्टी एवं सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं। करणी माता के भक्त कवैया का सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में लंबे समय से योगदान रहा है।

संघ के सचिव जगदीश शर्मा के साथ शक्तिसिंह तंवर और बजरंगसिंह कवैया की नई जिम्मेदारियों से राजस्थान युवा संघ को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई गई।

बैठक में उपस्थित ट्रस्टियों एवं कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त अध्यक्ष शक्तिसिंह तंवर एवं संरक्षक बजरंगसिंह कवैया को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button