
सूरत। अपराध के खिलाफ जनजागरण और पुलिस-जनसहभागिता को मजबूत करने के उद्देश्य से साकेत संस्था की अगुवाई में ‘नेशन फर्स्ट’ द्वारा रविवार, 9 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक देऊसर माता मंदिर, मेहंदीपुर बालाजी के पास, सूरत में ‘क्राइम फ्री सूरत’ विषय पर विशेष राष्ट्र जागरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक विक्रम सिंह सूरतवासियों को अपराध से बचाव, कानून के पालन और नागरिकों की जिम्मेदारी का संदेश देंगे। सूरत आगमन पर पूर्व डीजीपी विक्रम सिंह का साकेत के संस्थापक सांवर प्रसाद बुधिया, रामावतार पारीक, वीरेंद्र राजावत सहित कार्यकर्ताओं एवं सदस्यों ने एयरपोर्ट पर स्वागत किया।
तिरंगा यात्रा से होगा कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रभक्ति बैंड और हाथों में तिरंगा लेकर तिरंगा यात्रा से होगी। इसके बाद पूर्व डीजीपी विक्रम सिंह का स्वागत एवं मुख्य संबोधन होगा।
विक्रम सिंह अपने संबोधन में बताएंगे कि अपराधमुक्त शहर बनाना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाना, कानून का पालन करना, युवाओं को अपराध से दूर रखना और पुलिस-प्रशासन के साथ सहयोग करना अपराध नियंत्रण में अहम भूमिका निभाता है।
साकेत के संस्थापक सांवर प्रसाद बुधिया ने कहा कि अपराध होने के बाद कार्रवाई के साथ-साथ अपराध रोकने के लिए समाज में जागरूकता जरूरी है। ‘सुरक्षित सूरत—जिम्मेदार सूरत’ के संकल्प के साथ पुलिस, प्रशासन और नागरिकों को मिलकर काम करना होगा।


