सूरत। शहर के पुणा क्षेत्र स्थित पोलारिस मॉल में सोमवार सुबह आग लगने की बड़ी घटना सामने आई। मॉल के बेसमेंट में लगी आग देखते ही देखते फैलकर चौथे माले तक पहुंच गई, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुणा कैनाल रोड पर स्थित पोलारिस मॉल के बेसमेंट में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। दमकल कर्मियों ने तेजी से काम करते हुए कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया। स्थिति नियंत्रण में देखकर टीम वापस लौट गई।
लेकिन थोड़ी ही देर बाद उसी स्थान पर दोबारा आग लगने की सूचना मिली, जिससे दमकल विभाग में हड़कंप मच गया और टीम तुरंत फिर से मौके की ओर रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर दोबारा आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
बताया जा रहा है कि इन्वर्टर चालू करने के बाद दूसरे माले के पैसेज में धुआं निकलने लगा, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
दमकल विभाग की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।



