गुजरातसूरत सिटी

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर ‘माय हैंडलूम, माय प्राइड’ थीम के साथ भव्य आयोजन

स्वदेशी हथकरघा और कारीगरों को बढ़ावा देने का आह्वान, सूरत साइंस सेंटर में जुटीं बड़ी संख्या में महिलाएं

सूरत। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर सिटीलाइट स्थित साइंस सेंटर में ‘माय हैंडलूम, माय प्राइड’ थीम पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सूरत की महापौर मायाबेन मावाणी ने की, जबकि विधायक संगीताबेन पाटिल और पूर्व केंद्रीय मंत्री दर्शना बेन जरदोश विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

सूरत महानगरपालिका, सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की लेडीज़ विंग, WICCI एंटरप्रेन्योर सेल, अमी हैंडीक्राफ्ट्स तथा अवनी हैंडलूम साड़ी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक हथकरघा परिधान पहनकर भारतीय संस्कृति और हस्तकरघा कला के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।

महापौर मायाबेन मावाणी ने कहा कि राष्ट्रीय हथकरघा दिवस आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने देशवासियों से स्वदेशी हथकरघा उत्पादों को अपनाने, स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री दर्शना बेन जरदोश ने कहा कि महात्मा गांधी द्वारा शुरू किए गए स्वदेशी आंदोलन को प्रधानमंत्री के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान ने नई गति दी है। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाएं हस्तशिल्प और हथकरघा कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि क्राफ्ट रूट प्रदर्शनी के माध्यम से शहरवासियों को एक ही स्थान पर हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट उत्पादों की खरीदारी का अवसर भी मिला।

इस अवसर पर अमी हैंडीक्राफ्ट्स की भावना देसाई, साड़ी ड्रेपिंग विशेषज्ञ हीना घेहानी, अंजुबेन वेकरिया, चैंबर लेडीज़ विंग की चेयरपर्सन अल्पाबेन मद्रासी, शिल्पी साध सहित अनेक महिला उद्यमियों और गणमान्य लोगों ने उपस्थित रहकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button