POLITICSसूरत सिटी

5 जून को सूरत दौरे पर पीएम मोदी, इंडोर स्टेडियम से कर सकते हैं जनसभा

भीषण गर्मी और बारिश की आशंका के चलते कार्यक्रम स्थल बदलने की तैयारी, अंतिम फैसला आज शाम तक संभव

सूरत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 जून को सूरत दौरे पर आने वाले हैं। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर सूरत महानगरपालिका और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दमन में नवनिर्मित एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री सूरत पहुंचेंगे, जहां उनके सार्वजनिक संबोधन का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन ने जनसभा के लिए वराछा, लिम्बायत और वेसू समेत कई स्थानों का निरीक्षण किया था। विभिन्न विकल्पों पर विचार करने के बाद वेसू स्थित भगवान महावीर कॉलेज के सामने खुले मैदान में सभा आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी गई थी और वहां विशाल डोम निर्माण का कार्य भी आरंभ हो गया था।

हालांकि, एक ओर तेज गर्मी और दूसरी ओर मौसम विभाग की ओर से बारिश की संभावना जताए जाने के कारण प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने कार्यक्रम स्थल में बदलाव पर विचार किया है। सूत्रों के मुताबिक, अब प्रधानमंत्री की जनसभा अठवालाइंस स्थित अत्याधुनिक पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में आयोजित किए जाने की संभावना है।

इंडोर स्टेडियम वातानुकूलित और पूरी तरह से कवर होने के कारण मौसम का कोई असर कार्यक्रम पर नहीं पड़ेगा। प्रशासन द्वारा यहां सुरक्षा, मंच और बैठक व्यवस्था को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

हालांकि, सभा स्थल को लेकर अंतिम निर्णय अभी घोषित होना बाकी है और इसकी आधिकारिक जानकारी आज शाम तक जारी की जा सकती है। प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर शहरवासियों में उत्साह का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button