क्राइमलोकल न्यूज़सूरत सिटी

लक्जरी बस से जोधपुर-बेंगलुरु गांजा सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़

सूरत ग्रामीण SOG की बड़ी कार्रवाई, बस चालक गिरफ्तार; 1.05 करोड़ रुपये का मुद्दामाल जब्त

सूरत। सूरत ग्रामीण एसओजी ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लक्जरी बस के जरिए राजस्थान के जोधपुर से बेंगलुरु तक गांजा सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कामरेज क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर वाहन जांच के दौरान जाखर ट्रैवल्स की वोल्वो बस से 9.020 किलोग्राम गांजा बरामद कर बस चालक को गिरफ्तार किया है। मामले में गांजा, बस, मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित कुल 1.05 करोड़ रुपये से अधिक का मुद्दामाल जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, एसओजी टीम ने वलथाण गांव की सीमा में हाईवे पर चेकिंग के दौरान अहमदाबाद से मुंबई जा रही जाखर ट्रैवल्स की वोल्वो बस को रोका। तलाशी लेने पर बस में छिपाकर रखा गया 9.020 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 4.51 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बस चालक साबुदीन छेलुखान तैली (38), निवासी बरनागाम, जोधपुर (राजस्थान) को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि जाखर ट्रैवल्स का ही एक अन्य चालक सुरेश बिश्नोई इस पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था। उसके कहने पर साबुदीन नौकरी के दौरान बस में गांजा छिपाकर जोधपुर से बेंगलुरु पहुंचाता था। इसके बदले उसे प्रति खेप 7,000 रुपये कमीशन मिलता था।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह इससे पहले भी दो बार इसी बस के माध्यम से गांजे की खेप बेंगलुरु पहुंचा चुका है। जांच में सामने आया है कि गांजा जोधपुर से भेजा जाता था और बेंगलुरु में एक व्यक्ति उसे प्राप्त करता था। फिलहाल पुलिस उस रिसीवर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

एसओजी ने मामले में मुख्य साजिशकर्ता सुरेश बिश्नोई सहित दो लोगों को वांछित घोषित किया है। पुलिस ने 4.51 लाख रुपये मूल्य का गांजा, करीब 1 करोड़ रुपये कीमत की वोल्वो बस, दो मोबाइल फोन, नकदी, बस की चाबी तथा अन्य सामान सहित कुल 1.05 करोड़ रुपये से अधिक का मुद्दामाल जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button