सूरत सिविल अस्पताल में 3.60 करोड़ रुपये से बनेगा अत्याधुनिक पोस्टमार्टम सेंटर, शुरू होगी पोस्टमार्टम एक्स-रे सुविधा

सूरत। नई सिविल अस्पताल में फोरेंसिक जांच और मेडिकल शिक्षा को नई दिशा देने के उद्देश्य से 3.60 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक पोस्टमार्टम सेंटर का निर्माण किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्लभाई पानशेरिया के मार्गदर्शन में किडनी बिल्डिंग गेट एवं पार्किंग क्षेत्र के समीप बनने वाले इस आधुनिक परिसर का खातमुहूर्त शनिवार को सरकारी मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. जयेश ब्रह्मभट्ट तथा कार्यवाहक चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पारूल वडगामा के करकमलों से संपन्न हुआ।
नया पोस्टमार्टम सेंटर आधुनिक मेडिकल मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिसमें अत्याधुनिक पोस्टमार्टम कक्ष, लेक्चर हॉल तथा फोरेंसिक विशेषज्ञों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी। स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्लभाई पानशेरिया ने बताया कि यह केंद्र न केवल सूरत बल्कि पूरे दक्षिण गुजरात में फोरेंसिक जांच को अधिक वैज्ञानिक, सटीक और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस सेंटर की सबसे बड़ी विशेषता ‘पोस्टमार्टम एक्स-रे’ सुविधा होगी, जिससे संवेदनशील और जटिल मामलों में मृतदेह की जांच और अधिक सटीकता से की जा सकेगी। इससे अब तक आने वाली तकनीकी चुनौतियों का स्थायी समाधान मिलेगा।
नए परिसर में एक साथ 250 से अधिक एमबीबीएस विद्यार्थियों को पोस्टमार्टम प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन करने का अवसर मिलेगा। वहीं पीजी विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए भी यह केंद्र अत्यंत उपयोगी साबित होगा, जहां जटिल मामलों पर गहन अध्ययन और अनुसंधान की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

इस अवसर पर आरएमओ डॉ. केतन नायक, असिस्टेंट नर्सिंग सुपरिटेंडेंट इकबाल कड़ीवाला, फोरेंसिक विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रेश टेलर, पीआईयू इंजीनियर तुषार पटेल सहित सिविल अस्पताल के चिकित्सक, फोरेंसिक विशेषज्ञ, मेडिकल अधिकारी एवं नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे। यह परियोजना सूरत के स्वास्थ्य एवं फोरेंसिक क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।



