
ग्लोबल मार्केट में नील माधव फैब्रिक्स के व्यापारी के साथ 15.99 लाख की ठगी
किराये की दुकान लेकर “फैशन फैब” नाम से तीन साझेदारों ने फर्जी नाम बताकर दलाल के जरिए कपड़े का माल मंगवाकर किया पलायन : सुनील शेख गिरफ्तार
सूरत।वेड रोड स्थित प्रणामी शॉपिंग सेंटर में दो महीने के लिए किराये की दुकान लेकर “फैशन फैब” नाम से तीन साझेदारों ने फर्जी नाम बताकर दलाल के माध्यम से वराछा ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट स्थित नील माधव फैब्रिक्स के व्यापारी से कपड़े का माल खरीदा था। बाद में 15.99 लाख रुपए की रकम नहीं चुकाकर पलायन कर दिया गया। इस मामले में वराछा पुलिस द्वारा एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
वराछा पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उतरण के मोटा वराछा स्थित डी-मार्ट रोड पर शिवधारा रेसिडेंसी में रहने वाले अंकितभाई गणेशभाई सचपरा वराछा ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट में “नील माधव फैब्रिक्स” नाम से कपड़े का व्यापार करते हैं।
मार्च-2024 में पूणागाम के कपड़ा दलाल रामपालभाई के साथ उनकी दुकान पर आने वाले विशाल प्रागजीभाई मायाणी तथा उसी नाम का उपयोग कर गलत जानकारी देने वाले विशाल पटेल और सुनील शेख ने वेड रोड पंडोल स्थित प्रणामी शॉपिंग सेंटर में “फैशन फैब” नाम से फर्म चलाने की बात कहकर नियमित भुगतान करने का विश्वास दिलाया था।
इसके बाद दलाल के जरिए 1 अप्रैल 2025 से 7 अगस्त 2025 के दौरान 23,47,055 रुपए कीमत का कपड़े का माल खरीदा गया। इसके बदले 6 सितंबर 2025 तक टुकड़ों में 7,47,369 रुपए का भुगतान किया गया, जबकि बाकी बची 15,99,686 रुपए की रकम नहीं चुकाकर दुकान बंद कर पलायन कर दिया गया।
इस मामले में व्यापारी अंकितभाई सचपरा ने गत 15 मार्च 2026 को वराछा पुलिस थाने में दलाल सहित चारों साझेदारों के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(5), 319(2) तथा 54 के तहत शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के आधार पर पीएसआई एस.आर. राठौड़ ने कल आरोपी सुनील छगनभाई उकाभाई शेख (उम्र 33 वर्ष, व्यवसाय खेतीकाम, निवासी 102, शिवम रेसिडेंसी-2, दादा भगवान मंदिर के पास, ननसाड रोड, कामरेज, सूरत, मूल निवासी पांचपड़ा, यमुनानगर-02, हनुमानजी मंदिर के पास, पालियाद रोड, बोटाद) को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू की है।



