
सूरत। शहर के विभिन्न टेक्सटाइल मार्केटों में विद्युत सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन (फोस्टा) द्वारा लगातार सक्रिय प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में फोस्टा ने टोरेन्ट पॉवर के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद लाइसेंस होल्डर इलेक्ट्रिशियन एसोसिएशन के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक में मार्केटों में इलेक्ट्रिक संबंधी समस्याओं, विशेष रूप से लोड एक्सटेंशन के लिए वायरिंग, सम्पूर्ण मार्केट की नई वायरिंग की जांच, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य तकनीकी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्रत्येक कनेक्शन के अनुसार आवश्यक कार्यों के लिए कोटेशन तैयार करने पर भी सहमति बनी।
बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि विभिन्न मार्केट एसोसिएशनों के अध्यक्षों एवं उनकी कमेटियों के साथ चर्चा कर मार्केट-टू-मार्केट सर्वे किया जाएगा। सर्वे के अंतर्गत जिन मार्केटों में विद्युत संबंधी जोखिम अथवा तकनीकी समस्याएं पाई जाएंगी, वहां टोरेन्ट पॉवर के अधिकृत अधिकारियों द्वारा निरीक्षण एवं जांच की जाएगी, जिससे भविष्य में संभावित विद्युत दुर्घटनाओं को रोका जा सके और व्यापारियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
फोस्टा द्वारा मार्केटों में सुरक्षा एवं सुव्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ए.सी. यूनिट्स के नियमित रखरखाव की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक मार्केट में एएमसी व्यवस्था को जिम्मेदारीपूर्वक लागू करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वर्ष में कम से कम तीन बार ए.सी. यूनिट्स की सर्विसिंग सुनिश्चित हो सके और किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या अथवा दुर्घटना की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।
फोस्टा ने कहा कि संस्था व्यापारियों की सुरक्षा, सुविधा एवं टेक्सटाइल मार्केटों के सुव्यवस्थित विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी व्यापार हित एवं सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सक्रिय रूप से कार्य करती रहेगी।




