businessTextileक्राइमसूरत सिटी

ग्लोबल मार्केट के कपड़ा व्यापारी से लाखों की ठगी करने वाले लाहोटी पिता-पुत्र गिरफ्तार

10.84 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला, पुलिस ने की सख्त कार्रवाई

सूरत। शहर के वराछा क्षेत्र में कपड़ा व्यापार से जुड़ा एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लाहोटी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने कपड़ा खरीदने के बाद भुगतान न कर करीब 10.84 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, उमरा सिटीलाईट क्षेत्र निवासी सुशीलकुमार रायचंद जैन, जो वराछा स्थित ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट में पद्माकृति फैशन नाम से कपड़े का व्यवसाय करते हैं, उनके साथ यह ठगी हुई। जैन से सारोली स्थित अंजनीनंदन टेक्सटाइल मार्केट में क्वालिटी फैब्रिक्स नाम से फर्म चलाने वाले विष्णु लाहोटी, महेश लाहोटी और उनके पिता देवकिशन लाहोटी ने प्लेन और प्रिंटेड कपड़े का माल खरीदा था।
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने 27 जून 2025 से 18 जुलाई 2025 के बीच कुल 10,84,800 रुपये का माल खरीदा, लेकिन तय समय पर भुगतान नहीं किया। बार-बार मांगने पर भी वे टालमटोल करते रहे और झूठे आश्वासन देकर व्यापारी को गुमराह करते रहे। अंततः परेशान होकर व्यापारी ने वराछा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 316(5) और 54 के तहत मामला दर्ज किया। मामले की जांच कर रहे पीएसआई वी. ए. चौधरी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विष्णुभाई देवकिशन लाहोटी (34 वर्ष) और महेशभाई देवकिशन लाहोटी (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपी सूरत के भटार रोड, खटोदरा क्षेत्र स्थित न्यू हरे कृष्णा अपार्टमेंट के निवासी हैं, जबकि उनका मूल निवास राजस्थान के बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र में बताया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से कपड़ा व्यापारियों में राहत की भावना है, वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि ऐसे आर्थिक अपराधों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button