
सूरत। फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन (फोस्टा) की आगामी बोर्ड मीटिंग 22 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसमें संगठन के आगामी चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने प्रस्तावित हैं।
वर्ष 2026 फोस्टा के लिए चुनावी वर्ष होने के कारण इस बैठक को विशेष महत्व दिया जा रहा है। फोस्टा के संविधान के अनुसार प्रत्येक तीन वर्ष में नियमित रूप से चुनाव आयोजित किए जाते हैं। वर्तमान कार्यकारिणी समिति का कार्यकाल जुलाई 2026 में पूर्ण होने जा रहा है, जिसे ध्यान में रखते हुए चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं संगठनात्मक निर्णय इस बैठक में लिए जाएंगे।
फोस्टा द्वारा पूर्व में शहर के सभी टेक्सटाइल मार्केट्स को पत्र भेजकर प्रत्येक मार्केट से एक-एक प्रतिनिधि मतदाता का नाम आमंत्रित किया गया है। चयनित मतदाता संबंधित मार्केट का प्रतिनिधित्व करते हुए फोस्टा चुनाव में मतदान का अधिकार प्राप्त करेंगे।
फोस्टा अध्यक्ष कैलाश हाकिम ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2023 में गठित कार्यकारिणी द्वारा यह निर्णय लिया गया था कि संगठन में हर तीन वर्ष में नियमित रूप से चुनाव आयोजित किए जाएंगे। उसी निर्णय के अनुरूप अब आगामी चुनावों की घोषणा की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित बोर्ड मीटिंग में चुनाव की संभावित तिथि, नामांकन प्रक्रिया की समय-सीमा, चुनाव अधिकारी की नियुक्ति सहित अन्य आवश्यक औपचारिकताओं पर विस्तृत चर्चा कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। संगठन से जुड़े व्यापारियों की निगाहें अब इस बैठक पर टिकी हुई हैं, जहां से चुनावी कार्यक्रम की आधिकारिक रूपरेखा सामने आने की संभावना है।



