
सूरत। रिंग रोड़ स्थित ऋषभ टेक्सटाईल मार्केट के कपड़ा व्यापारी के साथ 21.86 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जयपुर के व्यापारी और एक दलाल के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात एवं धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार खटोदरा निवासी महेंद्रकुमार सोहनलाल गोलेच्छा, रिंग रोड स्थित ऋषभ टेक्सटाइल मार्केट में जे.बी.टेक्स फैब नाम से साड़ी का व्यापार करते हैं। वर्ष 2023 में दलाल मुकेश शर्मा ने स्वयं को प्रतिष्ठित ब्रोकर बताते हुए जयपुर के बड़े व्यापारियों से व्यापार कराने का भरोसा दिलाया। इसी दौरान उसकी मुलाकात जयपुर के दिनेश शर्मा, प्रोपराइटर सियाराम फैशन, से कराई गई।
शिकायत के अनुसार शुरुआत में समय पर भुगतान कर दोनों ने व्यापारी का विश्वास जीत लिया। इसके बाद 20 अक्टूबर 2023 से 11 मार्च 2024 के बीच अलग-अलग बिलों के माध्यम से 25,88,007 रुपये की साड़ियों का माल जयपुर भेजा। तय शर्तों के अनुसार 30 से 40 दिनों में भुगतान होना था, लेकिन केवल 4,01,494 रुपये का आंशिक भुगतान किया गया।
शेष 21,86,513 रुपये की मांग करने पर पहले लगातार आश्वासन दिया गया, लेकिन बाद में व्यापारी ने भुगतान से साफ इनकार करते हुए कहा कि “अपना पैसा भूल जाओ” और फोन काट दिया। इसके बाद व्यापारी और दलाल दोनों ने फोन उठाना भी बंद कर दिया।
पुलिस के अनुसार दोनों ने मिलीभगत कर विश्वास में लेकर माल मंगाया और बकाया राशि का भुगतान नहीं किया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू की है।मामले की जांच एच.ई. मकराणी कर रहे है।



