businessTextileसूरत सिटी

जलभराव से उबर रहा सूरत का कपड़ा बाजार, अधिकांश मार्केट आज से खुलेंगे, मिलेनियम मार्केट-1 रहेगा बंद

सूरत। लगातार हुई भारी वर्षा और जलभराव के बाद सूरत का कपड़ा बाजार धीरे-धीरे सामान्य स्थिति की ओर लौट रहा है। व्यापारिक संगठनों और मार्केट प्रबंधन की ओर से राहत एवं सुरक्षा कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। इसी बीच फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशंस (फोस्टा) ने गुरुवार, 9 जुलाई 2026 से रिंग रोड क्षेत्र के उन सभी कपड़ा मार्केटों में व्यापारिक गतिविधियां शुरू करने की घोषणा की है, जहां जलभराव की समस्या समाप्त हो चुकी है।

 

फोस्ट्टा के अध्यक्ष हंसराज जैन एवं महामंत्री दिनेश कटारिया ने व्यापारियों के नाम जारी अपील में बताया कि अधिकांश कपड़ा मार्केटों के बेसमेंट से पानी सफलतापूर्वक निकाल दिया गया है। हालांकि कुछ मार्केटों के बेसमेंट में अभी भी पानी भरा हुआ है, जहां संबंधित मार्केट कमेटियां लगातार पानी निकालने के कार्य में जुटी हैं। वहीं सारोली, गोडादरा और पुणा क्षेत्र के कुछ मार्केटों के आसपास अब भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे क्षेत्रों के व्यापारियों से अपनी संबंधित मार्केट कमेटी से स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही दुकान पर आने तथा कमेटी के निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया गया है।

फोस्टा ने व्यापारियों से अपील की है कि वर्तमान मौसम को देखते हुए अपनी, कर्मचारियों तथा ग्राहकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और आवश्यक सावधानियां बरतें। संगठन ने कहा कि व्यापारियों और मार्केट कमेटियों के आपसी सहयोग एवं समन्वय से ही परिस्थितियां पूरी तरह सामान्य हो सकेंगी।

 

इधर, मिलेनियम मार्केट-1 प्रबंधन ने सुरक्षा कारणों से 9 जुलाई को भी मार्केट पूर्णतः बंद रखने की घोषणा की है। प्रबंधन के अनुसार अत्यधिक वर्षा के कारण बेसमेंट में पानी भर गया है, जिसे निकालने के लिए अतिरिक्त मोटरों के साथ युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। पानी का स्तर दो फुट से कम होने तक किसी भी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी। मैनेजमेंट टीम के कमलेश जैन ने व्यापारियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि वर्तमान में बाहरी व्यापारी, एजेंट और परिवहन सेवाएं भी प्रभावित हैं, इसलिए स्थिति पूरी तरह सामान्य होने के बाद ही बाजार खोला जाएगा।

इस बीच बुधवार को फोस्टा के चेयरमैन केलाश हाकिम, महामंत्री दिनेश कटारिया तथा सलाबतपुरा पुलिस थाने के पीआई आर.ए.जाडेजा ने विभिन्न मार्केटों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अशोक टावर, अभिषेक मार्केट, श्री महावीर मार्केट, साईं दर्शन, सिल्क प्लाजा, अनमोल मार्केट, रघुकुल मार्केट, साईं कृपा मार्केट, मिलेनियम मार्केट सहित करीब 10 से 15 व्यापारिक मार्केटों का दौरा किया गया।

निरीक्षण में कई मार्केटों के बेसमेंट तथा कुछ स्थानों पर ग्राउंड फ्लोर में वर्षा का पानी भरा मिला, जिससे दुकानों में पानी घुसने के कारण व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। फोस्टा प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित अधिकारियों से जलभराव की समस्या का शीघ्र एवं स्थायी समाधान करने तथा प्रभावित व्यापारियों को हरसंभव राहत उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही व्यापारियों से धैर्य बनाए रखने और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील करते हुए विश्वास जताया कि जल्द ही सभी मार्केटों में व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह सामान्य हो जाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button