साकेत की अनोखी प्याऊ का शुभारंभ, कलेक्टर सौरभ पारघी ने किया उद्घाटन
शहरभर में 108 प्याऊ स्थापित करने का लक्ष्य, भीषण गर्मी में आमजन को मिलेगी राहत

सूरत। भीषण गर्मी में आमजन को राहत देने के उद्देश्य से साकेत संस्था द्वारा रिंग रोड स्थित टेक्सटाइल मार्केट के महावीर टेक्सटाइल मार्केट में एक अनोखी प्याऊ का शुभारंभ किया गया। यह प्याऊ “चाय पर चर्चा चैरिटेबल ट्रस्ट” एवं Qmax के सहयोग से स्थापित की गई है। साकेत संस्था द्वारा स्थापित यह चौथी अनोखी प्याऊ है, जबकि संस्था का लक्ष्य शहरभर में 108 प्याऊ स्थापित करने का है। 
इस सेवा कार्य का विधिवत उद्घाटन सूरत के कलेक्टर सौरभ पारघी ने रिबन काटकर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर पारघी ने कहा कि भीषण गर्मी में इस प्रकार की सेवा पहल अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है। उन्होंने साकेत संस्था के सर्वेसर्वा सांवर प्रसाद बुधिया के सामाजिक योगदान की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज के लिए मिसाल बनते हैं।
इस अवसर पर साकेत के रामावतार पारीक ने बताया कि “साकेत” का अर्थ ही “सेवा ही लक्ष्य” है और इसी भावना के साथ संस्था लगातार विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय है। उन्होंने बताया कि साकेत द्वारा कपड़ा बाजार क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन भी किया गया था, जिसे व्यापारियों और नागरिकों का व्यापक समर्थन मिला था। 
उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा “लाडली बहना योजना” के अंतर्गत अब तक 390 बेटियों को श्रृंगार सामग्री वितरित की जा चुकी है। इसके अलावा “नमामी तापी”, “भगवान का सम्मान”, “नेशन फर्स्ट” और “स्वदेशी प्रथम” जैसी योजनाओं के माध्यम से भी साकेत संस्था लगातार समाजसेवा के कार्य कर रही है।
इस अवसर पर महावीर टेक्सटाइल मार्केट के अध्यक्ष ललित आँचलीया, कमल जैन, महेंद्र गोलेचा, अशोक जैन तथा Qmax के सागरमल टीबरेवाल, मनोज जी, आशीष जी, कमल जैन सहित राजस्थान युवा संघ के विनोद सारस्वत, पंकज शर्मा, गंगाधर डुड्डी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन दिनेश कटारिया ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारीगण, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



