
सूरत: सूरत के सारोली स्थित राधाकृष्णा लॉजिस्टिक पार्क क्षेत्र के एक कपड़ा व्यापारी से अहमदाबाद के दलाल समेत तीन व्यापारियों द्वारा करीब 7.98 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सणीया चौकी, पूणा क्षेत्र में शिकायत दर्ज होने के बाद सारोली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अक्षय गौतमचंद जैन निवासी फ्लैट नं. 67, जलाराम-1 सोसायटी, कबूतर सर्कल के पास, परवत पाटिया जो “मा वांकल टेक्स फेब” नाम से राधाकृष्णा लॉजिस्टिक पार्क (आर.के.एल.पी.) मार्केट, दुकान नं. B/2021, सारोली में कपडे का व्यापार करते है।
शिकायत के अनुसार करीब दो वर्ष पहले अहमदाबाद के कपड़ा दलाल भरतभाई दलाल, दुकान नं. 658, हरिओम एसी मार्केट, अहमदाबाद ने उनसे संपर्क किया और बड़े व्यापारियों से व्यापार कराने का भरोसा दिलाया। दलाल ने समय पर भुगतान का आश्वासन देकर दो व्यापारियों से परिचय कराया।
पहले आरोपी जगदीश खुशीराम नंदवानी, प्रोप्राइटर के. धानी क्रिएशन, दुकान नं. 150, पहला माला, हरिओम मार्केट, रेवड़ी बाजार, कालूपुर, अहमदाबाद (वर्तमान पता – A-31, श्री महालक्ष्मी लाइफ, इस्कॉन विला बंगले के सामने, इंदिरा ब्रिज के पास, अहमदाबाद) ने 15 जुलाई 2024 से 20 नवंबर 2024 के बीच अलग-अलग बिलों से कुल 6,99,581 रुपये का कपड़ा मंगाया। इसमें से केवल 60,000 रुपये का भुगतान किया गया, जबकि 6,39,581 रुपये का भुगतान नहीं किया गया।
दूसरी आरोपी खुशी बुचनदानी, प्रोप्राइटर खुशी क्रिएशन, दुकान नं. 658, हरिओम एसी मार्केट, अहमदाबाद ने 17 अगस्त 2024 से 26 नवंबर 2024 के बीच 1,59,034 रुपये का कपड़ा मंगाया, जिसका भुगतान आज तक नहीं किया गया।
शिकायतकर्ता अक्षय जैन ने बताया कि बार-बार फोन और उघाई करने के बावजूद आरोपी भुगतान को लेकर टालमटोल करते रहे। आरोप है कि तीनों ने आपसी मिलीभगत से मीठी-मीठी बातों में फंसाकर कुल 7,98,615 रुपये का माल लेकर व्यापारिक विश्वासघात और धोखाधड़ी की।
अक्षय जैन की शिकायत के आधार पर सारोली पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच पीएसआई एस.बी. नुकूम द्वारा की जा रही है।



