एक हाथ से ध्वजा उठाओ …..बाबा का जयकारा लगाओ .. एकादशी निशान ध्वज पद यात्रा शुक्रवार को
फाल्गुन मास की पावन बेला में धर्मनगरी सूरत एक बार फिर श्याम रंग में रंगने जा रही है। शुक्रवार को प्रातः 7:00 बजे श्री खाटू श्याम बाबा की अलौकिक एवं भव्य निशान पद यात्रा का शुभारंभ जॉली रेजीडेंसी वेसू से होगा, जो भक्तिरस की सरिता बहाते हुए श्री श्याम मंदिर सूरत धाम पहुंच कर 251 निशान श्याम बाबा के चरणों में अर्पण करेंगे।
इस पावन आयोजन का संयोजन श्रद्धा और समर्पण के साथ श्री श्याम भक्त मित्र मंडल एवं
श्री राधा कृष्णा मंदिर कमिटी द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। केसरिया निशानों की छटा, ढोल-नगाड़ों की गूंज, भजन-कीर्तन की मधुर स्वर लहरियां और “हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे” के गगनभेदी जयघोष से पूरा मार्ग श्याममय हो उठेगा। जगह-जगह पुष्पवर्षा और स्वागत द्वार यात्रा की शोभा को और भी दिव्य बनाएंगे। प्रमोद अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक केसरिया लाडू वितरित किया जाएगा। साथ ही विशेष रूप से “श्याम बाबा का खजाना” भी भक्तों को प्रदान किया जाएगा, जिसे बाबा की कृपा, सौभाग्य और मंगलकामना का प्रतीक माना जाता है।
निशान यात्रा केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आस्था, एकता और भक्ति का महाउत्सव है, जहां हर वर्ग और हर आयु के श्रद्धालु बाबा के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे।




