
सूरत। सूरत के कपड़ा उद्योग के साथ अपने संबंधों को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े व्यापारियों और उद्यमियों को ऋण, बीमा एवं बैंकिंग सेवाओं के जरिए नए रोजगार और व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराने का भरोसा जताया गया।
अडाजण क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैंक के एक्जीक्यूटिव ने बताया कि सूरत देश का प्रमुख टेक्सटाइल हब है और बैंक का उद्देश्य यहां के टेक्सटाइल सेक्टर से और अधिक जुड़कर उद्योग के विकास में सहभागी बनना है। उन्होंने कहा कि बैंक द्वारा टेक्सटाइल सेक्टर में बड़े पैमाने पर ऋण वित्तपोषण किया गया है और आगे भी यह सहयोग जारी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी दी गई, साथ ही नए टेक्सटाइल उद्यमियों को बैंक से जोड़ने की पहल की गई। भारत सरकार की जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा माइक्रो इंश्योरेंस योजनाओं के लाभों के बारे में भी उपस्थित उद्योगपतियों को विस्तार से समझाया गया।
इस अवसर पर कपड़ा उद्योग की प्रमुख संस्था FOSTA के साथ एक एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर भी हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत FOSTA के सदस्यों को विशेष टेक्सटाइल योजनाओं के अंतर्गत ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बैंक अधिकारियों के अनुसार, सेंट टेक्सटाइल स्कीम के तहत अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरित किया जा चुका है, जिससे 50 से अधिक लाभार्थी लाभान्वित हुए हैं।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि व्यापारियों को जीएसटी से संबंधित समस्याओं, बैंक ऋण प्रक्रिया और अन्य वित्तीय प्रश्नों के समाधान के लिए विशेष हेल्पडेस्क की शुरुआत की गई है। बैंक का स्पष्ट फोकस है कि सूरत का टेक्सटाइल उद्योग और अधिक प्रगति करे और देश-विदेश में अपनी मजबूत पहचान बनाए।




